राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले 1984 दंगा पीड़ितों ने कर दिया बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 07:34 PM (IST)

पंजाब डैस्क : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के 4 नवंबर को होने वाले पंजाब दौरे से पहले विरोध के स्वर उठने लगे हैं। जानकारी अनुसार 1984 के सिख विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों ने राहुल गांधी के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। राहुल गांधी इस दिन संगरूर जिले में एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे हैं। दंगा पीड़ित परिवारों की नाराजगी की वजह रैली की तारीख बताई जा रही है।

दरअसल, 1984 के सिख विरोधी दंगे 1 नवंबर से शुरू हुए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोगों की जान गई थी और कई परिवार प्रभावित हुए थे। दंगा पीड़ित परिवारों और महिलाओं का कहना है कि वे उस दर्दनाक दौर को कभी नहीं भूल सकते। ऐसे में 4 नवंबर को रैली का आयोजन करना उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। अब देखना होगा कि 4 नवंबर को राहुल गांधी के दौरे के दौरान दंगा पीड़ित परिवारों का विरोध किस रूप में सामने आता है।

मिशन 2027 के तहत अहम माना जा रहा दौरा

राहुल गांधी का यह पंजाब दौरा आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। संगरूर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का गृह जिला है और मालवा क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी यहां जनसभा के जरिए पंजाब में कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। पंजाब की राजनीति में मालवा क्षेत्र को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से बड़ी संख्या इसी क्षेत्र में आती है। ऐसे में राहुल गांधी की संगरूर रैली पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News