पंजाब के पूर्व DGP को जान खतरा, परिवार को मिल रही धमकियां, एक्शन में पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 07:00 PM (IST)
मालेरकोटला: पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) मोहम्मद मुस्तफा ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही, मलेरकोटला में उनके खिलाफ भड़काऊ पोस्टर लगाए जाने का भी दावा किया है। इस संबंध में उन्होंने पंजाब के DGP गौरव यादव और मालेरकोटला पुलिस को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व DGP मुस्तफा ने मलेरकोटला निवासी शमशुद्दीन चौधरी, बख्शीश सिंह और उनके साथियों पर धमकियां देने तथा आपराधिक साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है।
फिलहाल, मलेरकोटला के SSP हरकमल प्रीत सिंह की निगरानी में थाना सिटी-1 की पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। मुस्तफा की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष अभी सामने नहीं आए हैं।


