अकाली सरकार बनते ही खत्म होगा NOC सिस्टम, लाएंगे ''पिंड पंजाब'' विभाग: सुखबीर बादल
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 02:47 PM (IST)
बरनाला(विवेक सिंधवानी, रवि): शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आज बरनाला में आयोजित एक विशाल 'व्यापारी मिलनी' के दौरान शहर के विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक और सामाजिक संगठनों से सीधे संवाद कर उनकी ज्वलंत समस्याओं को सुना। कार्यक्रम की शुरुआत में पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित कपूर ने राज्य के वर्तमान हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज पंजाब का व्यापारी वर्ग आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की नीतियों से बुरी तरह प्रताड़ित है। दिल्ली के नेताओं ने बड़े-बड़े लुभावने वादे किए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थितियां और अधिक बिगड़ चुकी हैं।
गैंगस्टर कल्चर व फिरौती पर तीखा हमला
मिलनी के दौरान जब एक व्यापारी ने राज्य में हावी अफसरशाही और लगातार मिल रही फिरौतियों (रंगदारी) का मुद्दा उठाया, तो सुखबीर सिंह बादल ने कड़े शब्दों में कहा: फिरौतियों और रंगदारी को बंद करना कोई मुश्किल काम नहीं है, बस इसके लिए मुख्यमंत्री में प्रशासनिक दम और दृढ़ इच्छाशक्ति होनी चाहिए। हमारी सरकार बनते ही राज्य से ड्रग्स और गैंगस्टर कल्चर का जड़ से सफाया करना हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी।
रियल एस्टेट व प्रॉपर्टी कारोबारियों को राहत का वादा
प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष शीशन बांसल व महासचिव राजपाल शर्मा ने पंजाब सरकार द्वारा सी.एल.यू. और कालोनियों की पासिंग फीस में की गई भारी बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि रिहायशी कालोनी पासिंग फीस 7 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये तथा कमर्शियल हेतु 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 62 लाख रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है। उन्होंने मांग की कि 70 प्रतिशत आबादी वाली पुरानी अन-अप्रूव्ड कालोनियों से फीस न ली जाए।
इस पर सुखबीर बादल ने भरोसा दिलाते हुए बड़े ऐलान किए:
* 'पिंड पंजाब' विभाग का गठन: अकाली दल की सरकार आने पर 'इन्वेस्ट पंजाब' की तर्ज पर 'पिंड पंजाब' विभाग बनाया जाएगा, जहां से 1 महीने में सभी मंजूरियां मिलेंगी।
* NOC सिस्टम खत्म: जमीनों और प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त में जटिल NOC व्यवस्था बंद करके सेल्फ डिक्लेरेशन लागू किया जाएगा।
* एकीकृत CLU शुल्क: सी.एल.यू. चार्जेज को सीधे रजिस्ट्री के साथ ही जोड़ दिया जाएगा।
राइस मिलर्स, केमिस्ट व धार्मिक संस्थाओं के मुद्दे
* राइस मिलर्स संकट: राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजैब सिंह जवंधा और तिरलोचन बांसल ने कहा कि गोदाम भरे होने के कारण नया राइस लगाने की जगह नहीं है, जिससे इंडस्ट्री डूबने के कगार पर है। मिलिंग चार्जेज और ड्राइंग प्रतिशत में कटौती से भारी नुकसान हो रहा है। इस पर सुखबीर बादल ने कहा कि राइस मिलर्स ने हमेशा अकाली सरकार के समय ही मुनाफा कमाया है क्योंकि वे केंद्र सरकार के साथ निरंतर संपर्क में रहते थे।
* केमिस्ट एसोसिएशन: अध्यक्ष नरिंदर अरोड़ा द्वारा पुलिस की बेवजह दखलअंदाजी का मुद्दा उठाने पर आश्वासन दिया गया कि केमिस्टों का उत्पीड़न बंद कराया जाएगा।
* छोटा व्यापारी वर्ग: छोटे व्यापारियों की सुविधा के लिए लमसम जीएसटी व्यवस्था लागू की जाएगी।
* गौशालाओं को राहत: प्राचीन गौशाला के अमरजीत कालेके की मांग पर सुखबीर बादल ने ऐलान किया कि सरकार बनने पर गौशालाओं के बिजली और पानी के बिल पूरी तरह माफ किए जाएंगे।
कार्यक्रम में ये प्रमुख हस्तियां रहीं उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव संत बलवीर सिंह घुनस, अकाली दल जिलाध्यक्ष यादविंदर सिंह बिट्टू, प्रादेशिक उपाध्यक्ष संजीव शोरी, एडवोकेट रूपिंदर संधू, पूर्व चेयरमैन गुरतेज खुड्डी, सर्कल अध्यक्ष बेअंत बाठ, पूर्व नगर पार्षद सोनी जागल, जिला इंडस्ट्री चैंबर के चेयरमैन विवेक सिंधवानी, विजय गर्ग, राज कुमार गोयल, राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजैब सिंह जवंधा, प्रादेशिक उपाध्यक्ष इकबाल सिंह सरां, ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष अनिल दत्त शर्मा, शीशन बांसल, राजपाल शर्मा, शिंदी सेतिया, अमरजीत कालेके, पूर्व चेयरमैन अशोक मित्तल शैहणे वाले, नीरज गर्ग, प्रदीप गोयल, सुनील काला, बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट जतिंदर बहादरपुरिया, रोटरी क्लब पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार, राज कुमार शर्मा, नवीन जिंदल व युवराज युवी विशेष रूप से मौजूद थे।

