राहुल गांधी की रैली स्थल के सामने सड़क हादसा, बने भयानक हालात
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 04:49 PM (IST)
भवानीगढ़ (विकास मित्तल): बीती शाम भवानीगढ़-संगरूर मुख्य सड़क पर गांव फग्गूवाला के नजदीक एचपी पेट्रोल पंप के सामने एक तेल टैंकर और धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। उल्लेखनीय है कि हादसे वाली जगह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 4 नवंबर को होने वाली रैली के स्थल के ठीक सामने स्थित है।
मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों वाहन संगरूर की ओर मुख्य सड़क पर अपनी-अपनी लाइन में जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने पीछे या साथ आ रहे वाहन की ओर ध्यान दिए बिना ट्रैक्टर को पेट्रोल पंप की ओर मोड़ दिया जिस कारण पीछे से आ रहे तेल टैंकर के साथ उसकी टक्कर हो गई। हादसे के समय तेल टैंकर खाली था और उसमें तेल नहीं था जिस कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया और संभावित जानी-माली नुकसान से बचाव हो गया। हालांकि हादसे में ट्रैक्टर चालक हरदीप सिंह निवासी चट्ठे सेखवां और टैंकर चालक हरजिंदर सिंह निवासी तरनतारन घायल हो गए।
एसएसएफ की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही लोगों ने टैंकर चालक को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल संगरूर भेज दिया जबकि ट्रैक्टर चालक को निजी वाहन से सिविल अस्पताल भवानीगढ़ पहुंचाया गया। इस दौरान मौके पर पहुंची एसएसएफ की टीम ने हाइड्रा मशीन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू करवाया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

