भगवंत मान सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आज , इन विधायकों को मिल सकती हैं अहम जिम्मेदारी

punjabkesari.in Monday, Jul 04, 2022 - 09:00 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर (अश्वनी, धवन): पंजाब में भगवंत मान सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार सोमवार को होने जा रहा है। नए मंत्री शाम 5 बजे पंजाब राजभवन के गुरु नानक देव ऑडीटोरियम में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए पंजाब सरकार ने अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी हैं। फिलहाल, 5 नए मंत्रियों के शपथ लेने की चर्चा है लेकिन आधिकारिक तौर पर मंत्रियों की कुल संख्या का कोई विवरण जारी नहीं किया गया है।

हालांकि इससे पहले जब मंत्रिमंडल का ऐलान किया गया था, तब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद सोशल मीडिया के जरिए शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही मंत्रियों के नामों का खुलासा कर दिया था। इस बार ऐसा नहीं किया गया है। यही वजह है कि मंत्रियों के नाम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस रेस में सबसे पहला नाम विधायक अमन अरोड़ा का है। कहा जा रहा है कि अमन अरोड़ा को कई अहम महकमों की जिम्मेदारी दी जा सकती है इसलिए शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले शपथ लेने वाले मंत्रियों में अमन अरोड़ा का नाम रहेगा। इसी कड़ी में दूसरे नंबर पर महिला मंत्री के शपथ लेने की सबसे ज्यादा चर्चा है। हालांकि इस दूसरे नंबर पर कई महिलाओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें वरिष्ठ नेता व विधायक सर्बजीत कौर मानुके, विधायक प्रो. बलजिंद्र कौर और विधायक अनमोल गगन मान का नाम शामिल है। 

वहीं, राय सिख बिरादरी को प्रतिनिधित्व देते हुए गुरु हर सहाय से विधायक फौजा सिंह सरारी को भी मंत्रिमंडल में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। बताया जा रहा है कि अमृतसर साऊथ से विधायक डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। डा. निज्जर को प्रोटैम स्पीकर लगाया गया था लेकिन बाद में उनकी जगह विधायक कुलतार सिंह संधवां को स्पीकर लगाया गया। कहा जा रहा है कि यह फेरबदल डा. निज्जर को मंत्रिमंडल में शामिल करने के कारण ही किया गया था। इसीलिए अब उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसी कड़ी में समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़माजरा, बुढलाडा से विधायक बुद्धराम सहित मालेरकोटला से विधायक जमील उर रहमान सहित कई नाम चर्चा में हैं, जिन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। पंजाब राज भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित द्वारा नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और कैबिनेट के अन्य मंत्री मौजूद रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News