पंजाब केसरी होटल एक्शन पर Ashu ने पंजाब सरकार को लिया निशाने पर, कहा-'मनमानी बर्दाश्त नहीं'
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 12:50 AM (IST)
लुधियाना (विक्की): पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु ने पंजाब केसरी ग्रुप के होटल पर आप सरकार की कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रेस की आज़ादी पर हमला हो रहा है और सरकार सत्ता के दम पर स्वतंत्र मीडिया को डराने की कोशिश कर रही है।
आशु ने कहा कि पंजाब केसरी और जग बानी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों को निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया समूह से जुड़े एक होटल के हिस्से को बिना उचित समय दिए गिराना पूरी तरह से प्रशासनिक दबाव और मनमानी का उदाहरण है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए आशु ने कहा कि सरकार की कार्यशैली यह संदेश दे रही है कि जो उनकी बात नहीं मानेगा, उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र मीडिया की आवाज को दबाना खतरनाक संकेत है और पंजाब की जनता इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से देख रही है।

