लक्की ओबरॉय हत्याकांड में बड़ा अपडेट, आरोपी शिंगरी जालंधर पुलिस के हवाले
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 09:45 AM (IST)
जालंधर (मृदुल): चर्चित लक्की ओबरॉय हत्याकांड में जांच के नए मोड़ सामने आए हैं। मृतक लक्की ओबरॉय के नौकर शमिंदर सिंह उर्फ शिंगरी, जो अमृतसर पुलिस के साथ हुए एनकाऊंटर में घायल होकर हिरासत में था, को कल शाम जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर 4 दिन के प्रोडक्शन वारंट पर जालंधर लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, अमृतसर पुलिस के एनकाऊंटर के दौरान शिंगरी को गिरफ्तार किया गया था और वह तब से न्यायिक हिरासत में था। अब जालंधर पुलिस को उम्मीद है कि शिंगरी से गहन पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़ी अहम जानकारी सामने आएगी, जिसमें हत्या की साजिश, प्लानिंग और इसके पीछे जुड़े अपराधियों का नैटवर्क सामने लाने की उम्मीद है।
पुलिस को शक है कि शिंगरी केवल एक घरेलू नौकर नहीं था, बल्कि वह लक्की ओबरॉय की दिनचर्या, सुरक्षा व्यवस्था और उसकी निजी गतिविधियों से पूरी तरह वाकिफ था। पुलिस का मानना है कि शिंगरी ने ही शूटरों और मुख्य आरोपियों को हत्या से पहले महत्वपूर्ण जानकारी दी होगी, जिससे वारदात को अंजाम देना आसान हुआ। सूत्रों के मुताबिक, शिंगरी ने वारदात से पहले और बाद में संदिग्ध कॉल्स और संदेश किए थे, जिन्हें अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सी.डी.आर.) के माध्यम से खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या शिंगरी ने हथियारों की आपूर्ति, रेकी या फरार आरोपियों को शरण देने में कोई भूमिका निभाई थी।
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शिंगरी से पूछताछ के लिए एक विशेष जांच टीम (सिट) गठित की है, जो लगातार 4 दिन तक उससे आमने-सामने बैठकर पूछताछ करेगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पूछताछ से हत्या के मास्टरमाइंड, फंडिंग सोर्स और पूरे आपराधिक नैटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, शिंगरी के बयानों के आधार पर आने वाले दिनों में कई नई गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस पहले ही अमृतसर, लुधियाना, नवांशहर, होशियारपुर और अन्य जिलों में दबिश दे चुकी है और अब जांच का दायरा और भी बढ़ाया जा रहा है। कमिश्नरेट पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में किसी भी बड़े नाम की भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता और जांच पूरी तरह तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। लक्की ओबेरॉय हत्याकांड को लेकर शहर में गुस्से और दहशत का माहौल है। व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने इस मामले को जल्द सुलझाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

