बड़ी खबर : पुलिस ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर के साथियों को किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jan 26, 2023 - 12:39 PM (IST)

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ जारी जंग के तहत पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑप्रेशन सैल (एस.एस.ओ.सी.) एस.ए.एस. नगर ने आर्मेनिया के गैंगस्टर लक्की पटियाल के 2 साथियों को गिरफ्तार किया है। लक्की पटियाल वर्तमान में बंबीहा गिरोह का मुखिया है और पंजाब पुलिस द्वारा मोस्ट वांटेड गैंगस्टर है।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान हरियाणा के सिरसा में मंडी डबवाली के कुलदीप सिंह किंगरा और कोटकपूरा (फरीदकोट) के रहने वाले हरिंदर सिंह के रूप में हुई है। ए.आई.जी. एस.एस.ओ.सी. अश्विनी कपूर ने बताया कि आर्म्स एक्ट और जबरन वसूली की धाराओं के तहत पुलिस स्टेशन एस.एस.ओ.सी., एस.ए.एस. नगर में एफ.आई.आर. दर्ज है।
जांच के दौरान छापेमारी करके रविवार को कुलदीप सिंह किंगरा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी किंगरा बंबीहा गैंग के अपराधियों और साथियों को सिरसा व आसपास के इलाकों में ठिकाना मुहैया करवाकर उनकी मदद कर रहा था। पुलिस टीमों ने किंगरा से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर उसके सहयोगी हरिंदर सिंह के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि कुलदीप किंगरा और हरिंदर सिंह मौजूदा समय में मोगा निवासी जैकपाल सिंह उर्फ लाली के कहने पर काम कर रहे थे। जैकपाल लाली गैंगस्टर लक्की पटियाल का पुराना साथी है।
विदेशी लोगों के निर्देश पर आरोपी हरिंदर सिंह पंजाब के कुछ व्यवसायियों और अन्य प्रमुख लोगों को पैसे ऐंठने के लिए धमकाने में शामिल था, जबकि कुलदीप किंगरा आरोपियों को ठिकाने उपलब्ध करवा रहा था। हरियाणा के सिरसा इलाके में रहने वाले लारैंस बिश्नोई गैंग के गिरोह के कुछ सदस्य भी इनके निशाने पर थे। जैकपाल लाली ने ही हरिंदर सिंह को हथियार मुहैया करवाए थे। इससे पहले लाली ने हरिंदर सिंह को 2 अवैध हथियार भी मुहैया करवाए थे, जिन्हें उसने अपने साथियों को सौंप दिया था। हथियार बरामद होने बाकी हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here