मुअत्तल DIG भुल्लर को लेकर बड़ा खुलासा! फंसेंगे पंजाब के कई बड़े अधिकारी, बैंक लॉकर में मिला...

punjabkesari.in Wednesday, Oct 22, 2025 - 03:23 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील) : रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार रोपड़ रेंज के मुअत्तल डी.आई.जी. हरचरण सिंह भुल्लर का सेक्टर-9 स्थित एच.डी.एफ.सी. बैंक में लॉकर सी.बी.आई. ने खोल दिया है। सी.बी.आई. को लॉकर से 50 ग्राम सोने के गहने और संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा, उनके चार अन्य बैंकों में भी लॉकर हैं। जल्द ही सी.बी.आई. इन लॉकरों को खोलकर जांच करेगी। 

सी.बी.आई. को उम्मीद है कि बाकी लॉकरों में और सोने के गहने मिल सकते हैं। दूसरी ओर सी.बी.आई. द्वारा जब्त की गई भुल्लर की डायरी में कई बिचौलियों और अधिकारियों के नाम दर्ज हैं। डायरी में मिले नामों की सी.बी.आई. जांच कर रही है। सी.बी.आई. जल्द ही पंजाब के कई अधिकारियों पर शिकंजा कस सकती है। सी.बी.आई. की टीमें भ्रष्ट अधिकारियों पर नजर रख रही हैं ताकि उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

पूर्व हॉकी खिलाड़ी  रहा चुका बिचौलिया कृष्ण

हरचरण सिंह भुल्लर के लिए बिचौलिए की भूमिका निभाने वाला कृष्ण पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रह चुका है। उसने तीन साल पहले खेलना छोड़ दिया था। वह राष्ट्रीय खेलों में चंडीगढ़ हॉकी टीम के लिए खेल चुका है। उसके पंजाब के कई नेताओं और पुलिस अधिकारियों से संबंध हैं। कई नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें फेसबुक पर मौजूद हैं। इन्हीं तस्वीरों को दिखाकर उसने पंजाब पुलिस के अधिकारियों के बीच अपना दबदबा कायम कर लिया था। जांच में पता चला है कि खिलाड़ी बनते ही उसने अधिकारियों से नजदीकी बना ली थी। वह किसी न किसी बहाने पार्टी में मौजूद पुलिस अधिकारियों से तालमेल बिठा लेता था। इसके बाद वह गलत काम करने वाले लोगों की जानकारी पुलिस अधिकारियों को देता था। इसका फायदा उठाकर वह गलत काम करने वालों को फोन करके केस दर्ज कराने की धमकी देता था। इस दौरान वह बिचौलिए का काम करता था और 'सेटिंग' करवाता था।

सी.बी.आई. फिर लेगी भुल्लर का रिमांड

8 लाख की रिश्वत मामले में परत दर परत खुलने लगी है। इसी वजह से सी.बी.आई. जल्द ही भुल्लर का दोबारा पुलिस रिमांड लेगी ताकि सी.बी.आई. उससे जुड़े भ्रष्ट अधिकारियों से पूछताछ कर सके। सी.बी.आई. को भ्रष्ट अधिकारियों के बारे में कई अहम जानकारियां मिली हैं। सी.बी.आई. जल्द ही मामले से जुड़े पुलिस अधिकारियों को समन भेजकर पूछताछ के लिए दफ्तर बुलाएगी।

अब तक हुई ये बरामदगी

सी.बी.आई. ने भुल्लर के सेक्टर 40 स्थित घर से साढ़े सात करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा समराला स्थित फार्महाउस के अंदर से ढाई किलो सोने के आभूषण, 26 लग्जरी घड़ियां, 50 से ज्यादा दस्तावेज, लॉकर की चाबियां, समराला फार्म हाउस के अंदर  570,000 रुपये नकद, 17 कारतूस और 108 बोतल शराब बरामद की गई।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News