पंजाब में स्थायी DGP की नियुक्ति में देरी पर मजीठिया का हमला, "भगवंत मान-केजरीवाल से पूछे तीखे सवाल"
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 10:34 AM (IST)
चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार द्वारा राज्य में स्थायी डीजीपी की नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। मजीठिया ने सवाल उठाया कि योग्य अधिकारियों का पैनल यू.पी.एस.सी. को भेजने में आखिर देरी क्यों की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार मजीठिया ने खुलासा किया कि निर्धारित समय के भीतर जवाब न मिलने के कारण यू.पी.एस.सी. ने पंजाब सरकार को फिर से पत्र लिखकर योग्य अधिकारियों की सूची मांगी है। उन्होंने कहा कि पंजाब पिछले तीन साल से अधिक समय से एक ‘एक्टिंग’ (कार्यकारी) डीजीपी के भरोसे चल रहा है, जो एक बड़ी प्रशासनिक लापरवाही है। मजीठिया ने याद दिलाया कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही राज्यों को लंबे समय तक कार्यकारी डीजीपी रखने के खिलाफ चेतावनी दे चुका है।
मजीठिया ने आरोप लगाया कि अगर सरकार के पास अधिकारियों का रिकॉर्ड मौजूद है तो पैनल भेजने में हो रही देरी इस बात का संकेत देती है कि सरकार पुलिस नेतृत्व को अपने राजनीतिक नियंत्रण में रखना चाहती है। उन्होंने ‘सुपर सीएम’ अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि पंजाब को इस तरह की संस्थागत अनिश्चितता में क्यों धकेला जा रहा है।

