पंजाब चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, 16 दिग्गजों को सौंपी अहम जिम्मेदारी
punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 05:52 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति तैयार करने और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 16 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। इस समिति में पार्टी ने अनुभव और संगठनात्मक पकड़ रखने वाले नेताओं पर भरोसा जताया है।
प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में गठित समिति में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया और श्वेत मलिक जैसे वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। समिति में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, परनीत कौर और रवनीत सिंह बिट्टू को भी जगह दी गई है। इनके अलावा प्रदेश महामंत्री (संगठन) मंथरी श्रीनिवासुलु, मनजीत सिंह मन्ना, राणा गुरमीत सिंह सोढी, दिनेश बब्बू और जंगी लाल महाजन भी समिति के सदस्य होंगे। वहीं, भाजपा ने तीन नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। इनमें राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर शामिल हैं।
चुनावी रणनीति में अनुभवी चेहरों पर भरोसा
भाजपा की इस घोषणा को पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समिति में पुराने और नए चेहरों के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े नेताओं को शामिल कर पार्टी ने चुनावी तैयारियों को व्यापक रूप देने का प्रयास किया है।


