पंजाब की पहचान दूध, दही, लस्सी और देसी घी, नशा नहीं : तरुण चुघ
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 06:29 PM (IST)
अमृतसर(कमल): भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग के मार्गदर्शन में आज केंद्रीय विधानसभा, अमृतसर में पंजाब को नशा मुक्त बनाने हेतु एक व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के अंतर्गत लोगों को दूध, दही, लस्सी और देसी घी वितरित कर पंजाब की गौरवशाली संस्कृति, स्वस्थ परंपराओं और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर तरुण चुग ने कहा कि पंजाब की मिट्टी वीरों, किसानों, गुरुओं और मेहनतकश लोगों की पहचान रही है। यह धरती दूध, दही, लस्सी और देसी घी की संस्कृति वाली धरती है, लेकिन दुर्भाग्यवश पिछली सरकारों की गलत नीतियों और राजनीतिक स्वार्थों ने पंजाब को नशे के दलदल में धकेलने का काम किया। आज हजारों परिवार नशे की वजह से टूट रहे हैं, माताओं की गोद सूनी हो रही है और युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।
तरुण चुग ने कहा कि भाजपा पंजाब की युवा शक्ति को बचाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब की आत्मा और आने वाली पीढ़ियों को बचाने का अभियान है। पंजाब की पहचान गुरुओं की शिक्षाओं, खेतों की खुशहाली, खेल संस्कृति और युवाओं की ऊर्जा से है, न कि नशे से।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार, खेल, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं, लेकिन पंजाब में नशे का फैलता जाल गंभीर चिंता का विषय है। भाजपा इस मुद्दे पर राजनीति नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और युवाओं को बचाने का कार्य कर रही है।
चुग ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक, सामाजिक संगठन, धार्मिक संस्थाएं और युवाओं को इस लड़ाई में आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब का हर गांव, हर गली और हर घर नशा मुक्त नहीं होगा, तब तक भाजपा का यह जनजागरण अभियान निरंतर चलता रहेगा।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे खेल, शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में आगे आएं तथा नशे को पूरी तरह “ना” कहें। उन्होंने कहा कि पंजाब की असली ताकत उसकी मेहनतकश और ऊर्जावान युवा पीढ़ी है और भाजपा इस शक्ति को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने तथा पंजाब को नशा मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।



