पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी BJP, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गठबंधन की खबरों पर लगाया विराम
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 02:04 PM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने साफ कर दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन किए बिना अकेले ही लड़ेगी।
अपने दम पर मैदान में उतरेगी BJP
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि भाजपा न तो किसी के साथ गठबंधन करेगी और न ही किसी अन्य पार्टी के साथ जाएगी, बल्कि अपने दम पर मैदान में उतरेगी। उनका कहना है कि देशभर में महिलाओं का बड़ा वर्ग भाजपा के साथ खड़ा है और यह समर्थन आने वाले चुनावों में भी दिखाई देगा।
2027 के चुनावों में भाजपा का दिखेगा नया रूप
भाजपा अध्यक्ष ने यह भी माना कि पंजाब में पार्टी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी हमेशा पंजाब के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनावों में लोगों को भाजपा का एक नया रूप देखने को मिलेगा। उनका कहना है कि किसी भी क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाने के लिए समय लगता है और भाजपा इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। पार्टी को भरोसा है कि आने वाले समय में वह पंजाब की राजनीति में अपनी मजबूत हिस्सेदारी दर्ज कराएगी।

