अज्ञात व्यक्ति तथा महिला का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Saturday, Jun 03, 2023 - 11:52 PM (IST)

श्री कीरतपुर साहिब  (बाली): आज शाम श्री कीरतपुर साहिब थाने की पुलिस ने गांव कल्याणपुर लोहंड गेटों के पास से एक महिला व एक पुरुष के शव को एक दूसरे से कुछ दूरी पर बरामद किया है।
इस बारे में थाना श्री कीरतपुर साहिब के एस.एच.ओ. सब इंस्पैक्टर गुरविन्द्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस को इन शवों के बारे में सूचना मिली थी जहां लोहंड गेट से भाखड़ा नहर और आनंदपुर साहिब हाइडल चैनल नहर का पानी सतलुज दरिया को छोड़ा जाता है। उस स्थान से कुछ दूरी पर 2 शव लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि लोहंड गेटों तथा आनंदपुर साहिब हाइडल चैनल नहर का पानी सतलुज दरिया को बंद किया हुआ होने के कारण इस सूखे दरिया में से लोहंड गेटों के पास एक व्यक्ति का शव मिला है, जिसकी उम्र लगभग 45 वर्ष है, सिर से मोना और हल्की दाढ़ी रखी हुई है। उक्त व्यक्ति ने हल्के भूरे रंग की शर्ट व नीली जींस पेंट पहन रखी है।

जबकि महिला का शव रेलवे पुल के पास लोहंड नदी के पत्थरों में फंसा मिला। उन्होंने बताया कि महिला की उम्र करीब 50-55 वर्ष है, जिसने क्रीम कलर का सूट पहन रखा है, जो फटा हुआ है, उसने लाल रंग की चूड़ियां पहन रखी हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों शव करीब एक सप्ताह पुराने लग रहे हैं। लोहंड नदी का पानी बंद किया होने के कारण वे आगे जाने के बजाय यहां पत्थरों में फंस गए। बताया जाता है कि इन शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब के मुर्दाघर में रखवा दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Subhash Kapoor

Recommended News

Related News