पंचायती मैरिज पैलेस में सेंध, 125 पंखे और 50KW इन्वर्टर समेत कीमती सामान चोरी

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 02:26 PM (IST)

लुधियाना (राज): श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्कीम के तहत गांव धांधरा क्लस्टर में बने पंचायती मैरिज पैलेस के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सरकारी सामान चोरी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। चोरों ने मैरिज पैलेस के भीतर लगे 125 छत के पंखे, सोलर सिस्टम का 50 किलोवाट का इन्वर्टर, बैटरियां, एल्युमिनियम के दरवाजे-खिड़कियां और लोहे की कुर्सियां तक साफ कर दीं। थाना सदर की पुलिस ने मामले में तीन शातिर चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद एफ.आई.आर. दर्ज कर ली है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव के चौकीदार बलविंदर सिंह ने बताया कि वह गांव धांधरा स्थित पंचायती मैरिज पैलेस की देखभाल करता है। बीती 22 जुलाई को जब वह मैरिज पैलेस में चक्कर लगाने पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गया। मैरिज पैलेस के ताले टूटे हुए थे और अंदर से भारी मात्रा में सामान गायब था। अपने स्तर पर मामले की पड़ताल की, तो उसे पता चला कि 21 और 22 जुलाई की दरमियानी रात को आरोपी जगप्रीत सिंह, लवप्रीत सिंह और विक्रमजीत उर्फ बाबी ने दरवाजे के ताले तोड़कर इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। 

चोर अंदर से 125 छत वाले पंखे, 40 साधारण टोटियां व 6 स्टेडियम की टोटियां, 50 किलोवाट का इन्वर्टर सिस्टम और सोलर सिस्टम की बड़ी बैटरियां, सबमर्सिबल पाइप और 10 बड़ी सर्च लाइटें, एल्युमिनियम के मेन गेट, चौखटें, खिड़कियां और किचन के गेट, बड़े हॉल का मेन गेट, 16 लोहे की कुर्सियां और फॉल्स सीलिंग की 50 एल्युमिनियम प्लेटें चोरी करके ले गए।

उधर शिकायतकर्ता के बयानों और जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News