दिनदहाड़े लूट, पीड़ित को दांत से काटकर लुटेरे फरार, लोगों ने लगाया जाम
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 02:56 PM (IST)
बरनाला (पुनीत) : बरनाला के रामबाग रोड पर छज्जू राम कारखाने के नजदीक दिनदहाड़े एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर लूट की वारदात हुई। पीड़ित के मुताबिक, कुछ लोग उसे रोककर उसके साथ मारपीट करने लगे और उसके हाथ पर दांतों से काटा गया। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और करीब 1800 रुपये की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
बरनाला शहर में आए दिन सामने आ रही चोरी और लूट की घटनाओं को लेकर अब व्यापारी और आम लोग परेशान नजर आ रहे हैं। ताजा घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर रोष प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को आरोपियों को जल्द ट्रेस करने और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पीड़ित की जानकारी व्यक्ति अर्श गुप्ता ने बताया कि उनका कर्मचारी करीब एक घंटे पहले दुकान से पैसे लेकर निकला था। उसे रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की गई और पैसे तथा मोबाइल छीन लिया गया। उनका कहना है कि इलाके में नशे की समस्या और ऐसी घटनाओं के कारण लोगों में लगातार डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में स्थायी पुलिस चौकियां और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
वहीं स्थानीय निवासी जगत भूषण ने कहा कि इलाके में नशे से जुड़े लोग और संदिग्ध युवक अक्सर घूमते दिखाई देते हैं, जिसके चलते आम लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से इलाके की छवि और लोगों की सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और राजनीतिक प्रतिनिधियों से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की,
एस.एच.ओ. सिटी थाना बरनाला लखबीर सिंह ने बताया कि SSP बरनाला की ओर से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों को ट्रेस करने के लिए जांच कर रही है और आरोपी पकड़े जाने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि किसी भी वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में हर संभव कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बरनाला पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

