नौकरी न मिलने से परेशान भाई-बहन ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

punjabkesari.in Sunday, Feb 09, 2020 - 07:18 PM (IST)

सिरसा (ललित): सिरसा के हिसार रोड स्थित फ्रैंडस कालोनी स्थित एक घर के अंदर भाई-बहन संदिग्धावस्था में मृत मिले। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरु की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों ने पहले अपनी हाथ की नसें काटी और फिर कोई जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या की है।

जानकारी के मुताबिक फ्रैंडस कालोनी में ओमप्रकाश का घर है। घर में ओमप्रकाश का बेटा प्रदीप (32) और बेटी अनीता (34) साथ रहते थे। ओमप्रकाश फतेहाबाद नगर परिषद से रिटायर्ड कर्मचारी है। गत 6 माह पूर्व ओमप्रकाश की पत्नी का देहांत हो गया था। पिता ओमप्रकाश ने बताया का कहना है कि मां के निधन के बाद दोनों बच्चे मानसिक रुप से परेशान थे। दोनों के पास कोई नौकरी भी नहीं थी। अनीता ने पंजाब यूनिवर्सिटी से डबल एम.ए. की पढ़ाई कर रखी थी और उसका सपना आई.ए.एस. बनने का था। आई.ए.एस. बनने के लिए बेटी अनीता तैयारी कर रही थी। बेटा प्रदीप ने सी.डी.एल.यू. से एम.ए. जनसंचार की पढ़ाई की हुई थी। वह भी नौकरी के लिए एग्जाम की तैयारी कर रहा था। बेटा-बेटा दोनों काफी समय से जॉब की तलाश में थे, लेकिन इतनी पढ़ाई करने के बाद दोनों को नौकरी नहीं मिल पाई थी। इधर से उनकी मां का देहांत हो गया, जिसके कारण दोनों डिप्रेशन में थे। 

ओमप्रकाश ने बताया कि रात को दोनों खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। अनीता का कमरा छत के ऊपर बना है, जबकि बेटे का कमरा नीचे था। सुबह जब दोनों उठकर नहीं आए तो उन्हें जगाने के लिए कमरे में गया तो जाकर देखा कि दोनों बेहोशी की हालत में थे। दोनों को निजी अस्पताल में लेकर गए जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में खैरपुर चौकी के इंचार्ज ए.एस.आई. राजेश कुमार ने बताया कि दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया है और हाथ की नसें काटकर आत्महत्या की है। पिता के बयान है कि दोनों भाई-बहन मानसिक रुप से परेशान चल रहे थे। पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाशें परिजनों को सौंप दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Related News