विवादित पोस्ट मामला: बुड्ढा दल ने निहंग विक्की थॉमस को दी घोड़ों की लीद उठाने की सजा

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 04:00 PM (IST)

चंडीगढ़: सोशल मीडिया पर निहंग जसदीप सिंह से जुड़ी कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो साझा करने के मामले में चर्चित निहंग विक्की थॉमस ने आखिरकार बुड्ढा दल के समक्ष पेश होकर अपनी गलती स्वीकार कर ली। महाराष्ट्र से पंजाब पहुंचे विक्की ने संगत और पंथ के वरिष्ठों के सामने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न दोहराने का भरोसा दिया।

जानकारी के अनुसार, विक्की थॉमस ने कहा कि यदि आगे कभी उनके पास किसी व्यक्ति से जुड़ी कोई विवादित सामग्री आती है तो वह उसे सीधे सोशल मीडिया पर साझा नहीं करेंगे। पहले उसे पंथ के वरिष्ठ जत्थेदारों के सामने रखा जाएगा और उनके निर्देशों के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा।

बुड्ढा दल ने उनकी माफी स्वीकार करते हुए धार्मिक सेवा करने का आदेश दिया। इसके तहत विक्की थॉमस को धार्मिक स्थलों पर सरबलोह के बर्तनों की सेवा, घोड़ों की देखभाल, उन्हें पानी पिलाने तथा उनकी लीद उठाने जैसी सेवाएं करनी होंगी। पंथ के प्रतिनिधियों ने इसे अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम बताया।

बुड्ढा दल के पदाधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि निहंग जसदीप सिंह के खिलाफ पहले जो पंथक कार्रवाई की गई थी, उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें अगले आदेश तक निहंग बाणा धारण करने, दस्तार सजाने और पंथ की अगुवाई करने की अनुमति नहीं होगी।

पंथ के प्रतिनिधियों का कहना है कि विवादित तस्वीरों और वीडियो के सार्वजनिक होने से न केवल कई श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं, बल्कि पूरे पंथ की छवि को भी नुकसान पहुंचा। इसी कारण विक्की थॉमस को संगत के सामने पेश होकर अपनी गलती स्वीकार करने के लिए कहा गया था।

गौरतलब है कि पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई थी, जब विक्की थॉमस ने सोशल मीडिया पर निहंग जसदीप सिंह की कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे। इसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और बुड्ढा दल ने जसदीप सिंह के खिलाफ पंथक कार्रवाई करते हुए उन्हें अगले आदेश तक निहंग बाणा पहनने, दस्तार सजाने और पंथ की अगुवाई करने से रोक दिया था। बाद में जसदीप सिंह ने एक पॉडकास्ट में दावा किया कि उन्हें माफ कर दिया गया है, जिसके बाद बुड्ढा दल ने दोबारा कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि उन्हें कोई माफी नहीं दी गई है। अब विक्की थॉमस के पंथ के सामने पेश होकर गलती स्वीकार करने और माफी मांगने के बाद उनकी धार्मिक सेवा तय कर दी गई है, जबकि जसदीप सिंह के खिलाफ पहले से लागू पंथक आदेश यथावत रहेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News