Punjab में बिजली संकट गहराया! अघोषित कटों के बीच इंजीनियर्स ने Powercom पर उठाए सवाल

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 04:51 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब में भीषण गर्मी और धान की रोपाई के दौरान बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। राज्य के कई इलाकों में अघोषित बिजली कट लग रहे हैं। वहीं बिजली सप्लाई में खराबी आने के बाद उसे ठीक करने में भी कई घंटे लग रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसी बीच पीएसईबी इंजीनियर्स एसोसिएशन ने पावरकॉम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि यदि समय रहते जरूरी सुधार नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में बिजली व्यवस्था और प्रभावित हो सकती है। एसोसिएशन के मुताबिक, 1912 शिकायत केंद्र पर पर्याप्त स्टाफ नहीं है। फील्ड कर्मचारियों, ट्रांसफार्मरों और जरूरी उपकरणों की भी कमी है। इसके अलावा बिलिंग सॉफ्टवेयर, मोबाइल ऐप और अन्य आईटी सिस्टम में तकनीकी दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा।

एसोसिएशन ने बताईं ये समस्याएं

  • ट्रांसफार्मर और जरूरी सामान की कमी से नए बिजली कनेक्शन और मरम्मत का काम प्रभावित हो रहा है।
  • नया बिलिंग सॉफ्टवेयर सही तरीके से काम नहीं कर रहा, जिससे कई उपभोक्ताओं के गलत बिल बन रहे हैं।
  • 1912 कॉल सेंटर में स्टाफ की कमी है और मोबाइल ऐप समेत आईटी सिस्टम में लगातार तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं।
  • फील्ड स्टाफ पर काम का अधिक बोझ है, फिर भी छुट्टियों और वीकेंड पर मीटिंग्स कराई जा रही हैं।
  • आउटसोर्सिंग के तहत हो रहे काम की सही निगरानी नहीं होने से तकनीकी खराबियां बढ़ रही हैं।

एसोसिएशन की मांगें
एसोसिएशन ने सरकार और पावरकॉम से पर्याप्त स्टाफ की भर्ती करने, बिलिंग सॉफ्टवेयर की खामियां दूर करने, शिकायतों के समाधान के लिए वाहनों की व्यवस्था करने, 1912 कॉल सेंटर और मोबाइल ऐप को मजबूत बनाने तथा बिजली कट की जानकारी एक दिन पहले जारी करने की मांग की है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News