Punjab: हाईकोर्ट के आदेशों पर मोहाली में बुलडोजर एक्शन, नगर निगम ने अपनाया सख्त रुख

punjabkesari.in Monday, Jan 19, 2026 - 08:24 PM (IST)

पंजाब डेस्क : मोहाली में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम, पुलिस और गमाडा की संयुक्त टीम ने रिहायशी इलाकों, बाजारों, फुटपाथों और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत सरकारी जमीन पर बनाई गई हेज, क्यारियां, अस्थायी ढांचे और अवैध पार्किंग को हटाया जा रहा है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से पहले आम जनता और कब्जाधारकों को कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी। बावजूद इसके अवैध कब्जे नहीं हटाए गए, जिसके चलते अब प्रशासन को कड़ा कदम उठाना पड़ा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के 13 जनवरी को जारी हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है। नगर निगम को इस कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट हाईकोर्ट में प्रस्तुत करनी है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे स्वयं आगे आकर अवैध कब्जे तुरंत हटा लें। इस संबंध में सार्वजनिक नोटिस भी जारी किए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। मोहाली नगर निगम की ओर से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की शुरुआत फेज-7 से की गई है। अभियान के दौरान पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई जा रही है, जबकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए मौके पर पुलिस का कड़ा पहरा तैनात किया गया है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह अवैध कब्जे लंबे समय से बने हुए थे, जिससे आम लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान जनहित को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है और जब तक सभी अवैध कब्जे पूरी तरह हट नहीं जाते, तब तक यह कार्रवाई जारी रहेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News