बस यात्रियों के लिए खड़ी हो गई मुसीबत, 1 मई से लेकर हो गया बड़ा ऐलान! जानें पूरा शेड्यूल

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 03:45 PM (IST)

बटाला (बेरी) : आज पंजाब रोडवेज पनबस/पी.आर.टी.सी कान्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन 25/11 द्वारा राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर संस्थापक कमल कुमार और प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरकारी बसों को सरकारी परिवहन में शामिल करने की बजाए किलोमीटर योजना के तहत निजी मालिकों की बसों को हरी झंडी दे रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

इस अवसर पर कैशियर बलजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह पन्नू, संयुक्त उपाध्यक्ष जगतर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार हर वर्ग के साथ धक्केशाही कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नियमित करने के लिए उच्च न्यायालय से कानूनी मंजूरी मिलने के बाद भी मांग का समाधान नहीं हो रहा है। इस अवसर पर महासचिव शमशेर सिंह ढिल्लों, कार्यालय सचिव रोही राम और उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार को कर्मचारियों की स्वीकृत मांगों जिनमें किलोमीटर योजना को बंद करना, कर्मचारियों को नियमित करना और ठेकेदार बिचौलियों को हटाना आदि मांगों को जल्द पूरा करना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांग का समाधान नहीं करती है, तो 1 मई को मजदूर दिवस के अवसर पर गेट रैलियां करके बस स्टैंडों में 2 घंटे हेतु सरकार की जन विरोधी नीतियों के प्रति प्रचार किया जाएगा। इसके बाद, 10 मई को नव नियुक्त परिवहन मंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में शांतिपूर्ण विरोध रैली, 15 मई को गेट रैलियां और 18 मई को सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही, 25, 26 और 27 मई को तीन दिवसीय हड़ताल और मुख्यमंत्री आवास पर धरना दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पंजाब सरकार और परिवहन विभाग के प्रबंधन की होगी। बैठक में रणजीत सिंह, सतनाम सिंह, गुरप्रीत सिंह, निरपाल सिंह पप्पू आदि उपस्थित थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News