दुखद खबर! टांडा के युवक की कनाडा में सड़क हादसे में मौ/त
punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 04:54 PM (IST)
टांडा उड़मुड़ (वरिंदर पंडित, परमजीत मोमी): कनाडा से दुखद खबर सामने आई है। कनाडा के ओटावा के साउथ-वेस्ट इलाके में बुधवार सुबह दो गाड़ियों की भयानक टक्कर में टांडा के एक युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा फैलोफील्ड रोड पर ओल्ड रिचमंड रोड के पास हुआ।
मृतक युवक की पहचान ब्रह्मजोत सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह सोढ़ी निवासी टांडा के रूप में हुई है। करीब 20 साल का ब्रह्मजोत दो साल पहले कनाडा गया था। ओटावा फायर सर्विसेज के स्पोक्सपर्सन निक डीफैजियो ने बताया कि किआ सोरेंटो और होंडा C.R.V. के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों में आग लग गई और वे एक दूसरे से करीब 25 मीटर की दूरी पर जल रही थी।
उन्होंने बताया कि होंडा C.R.V. पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गई थी और उसकी तुरंत तलाशी लेना संभव नहीं था। जब फायरफाइटर्स ने आग बुझाना शुरू किया तो उन्हें गाड़ी की अगली सीट पर एक व्यक्ति नजर आया। पैरामेडिक्स ने बताया कि जलती हुई गाड़ी के अंदर मौजूद व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि मृतक ब्रह्मजोत करीब 20 साल का था और एक्सीडेंट के समय गाड़ी चला रहा था। दूसरी गाड़ी का 30 साल का ड्राइवर भी एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। फायर सर्विस के एक स्पोक्सपर्सन ने कन्फर्म किया कि दोनों गाड़ियों के बाहर गिरा कोई और आदमी नहीं मिला।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

