चुनाव आखिर में, उम्मीदवारों के चयन में कुछ समय लगेगा : कैप्टन

punjabkesari.in Sunday, Mar 17, 2019 - 11:02 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि पंजाब में 13 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव अंतिम चरण में 19 मई को होना है, इसलिए कांग्रेस द्वारा अपने उम्मीदवारों का चयन करने में कुछ समय लग सकता है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि केन्द्रीय चुनाव कमेटी के सामने इस समय उन राज्यों को लेकर प्राथमिकता है, जहां पहले से छठे चरण में चुनाव होना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस उचित समय में अपने उम्मीदवार सामने ला देगी। 

कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि पंजाब कांग्रेस का एकमात्र एजैंडा मिशन 13 को हासिल करना है। कांग्रेस का मुख्य मुकाबला अकाली-भाजपा गठबंधन के साथ है तथा पार्टी सभी 13 सीटों पर मजबूत उम्मीदवार गठबंधन के सामने उतारेगी। कैप्टन ने कहा कि यह चुनाव राष्ट्रीय मुद्दों के साथ- साथ पंजाब में मौजूदा कांग्रेस सरकार द्वारा 2 वर्षों में करवाए गए कार्यों के आधार पर लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्क्रीङ्क्षनग कमेटी अपनी कुछ बैठकें कर चुकी हैं जिनमें सभी 13 सीटों पर चर्चा हुई है।

पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह द्वारा चुनाव लड़ने या न लड़ने बारे मुख्यमंत्री ने कहा कि वह तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ डा. मनमोहन सिंह से इसलिए मिले थे ताकि पंजाब में सरकार द्वारा किए जा रहे कामों की उन्हें जानकारी दी जा सके तथा साथ ही आने वाले समय में कांग्रेस सरकार द्वारा किए जाने वाले कार्यों से उन्हें अवगत करवाया जा सके। 

डा. मनमोहन सिंह ने भी पंजाब की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए उठाए गए कदमों तथा किसानों व उद्यमियों के लिए किए गए कामों पर अपनी तसल्ली जाहिर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर डा. मनमोहन सिंह पंजाब से चुनाव लड़ते हैं तो प्रत्येक पंजाबी खुश होगा।  

कांग्रेस भवन में शहीद बेअंत सिंह को याद किया

कांग्रेस भवन चंडीगढ़ में आज पंजाब के दिवंगत मुख्यमंत्री शहीद बेअंत सिंह को याद किया गया। मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ तथा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव कैप्टन संदीप संधू ने कांग्रेस भवन में शहीद बेअंत सिंह की प्रतिमा के आगे सिर झुकाकर नमन किया तथा बेअंत सिंह द्वारा राज्य में अमन व शांति की बहाली के लिए दी गई कुर्बानी को याद किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News