परिवार द्वारा जहर खाने का मामला, ननद, ननदोई, जेठ और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 10:21 AM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र): शहर की अफसर कालोनी में एक ही परिवार के 4 सदस्यों द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने के मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने मृतक विकास बातिश की पत्नी तमन्ना बातिश की शिकायत पर निधि छिब्बर (ननद), रणबीर छिब्बर (ननदोई), रंजना (जेठानी) और पंकज (जेठ) कुल 4 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्त्ता तमन्ना बातिश ने पुलिस को बताया कि उनके पति विकास बातिश ने रणबीर छिब्बर को 45 लाख रुपए का ऋण दिलवाया था। इसके बाद नोटबंदी के दौरान रणबीर छिब्बर ने उनके पति से 10 लाख रुपए और ले लिए। बाद में जब उनके पति ने 10 लाख रुपए वापस मांगे तो रणबीर छिब्बर ने देने से इंकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत बंद हो गई।

शिकायत के अनुसार बाद में विकास बातिश ने खन्ना में नौकरी शुरू की। इस दौरान दोबारा बातचीत शुरू होने पर उनकी जेठानी रंजना कथित रूप से उनके पति पर गलत नजर रखने लगी। शिकायतकर्त्ता का आरोप है कि इसके बाद उनकी सास, जेठ और ससुर ने उन्हें धमकी दी कि वे उनके पति पर झूठे आरोप लगाकर पैसे हड़प लेंगे। इससे परेशान होकर उनके पति ने नौकरी छोड़ दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने 55 लाख रुपए लौटाने से भी इंकार कर दिया।

तमन्ना बातिश के अनुसार इन परिस्थितियों से मानसिक रूप से परेशान होकर परिवार के सभी सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में उनके पति विकास बातिश, पुत्र अनिल बातिश तथा उनकी 13 वर्षीय बेटी ख्वाहिश बातिश की मृत्यु हो गई जबकि शिकायतकर्त्ता तमन्ना बातिश और उनका 11 वर्षीय पुत्र कनव बातिश पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News