केंद्र सरकार गलत, हम कश्मीरियों के साथ हैं : मान

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2019 - 09:16 AM (IST)

जालंधर(स.ह.): अकाली दल (अमृतसर) के प्रधान सिमरनजीत सिंह मान ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 व 35-ए हटाकर कश्मीर के लोगों से बड़ा धक्का किया है, जबकि हम कश्मीरियों के साथ हैं। अब हालात सामान्य न होने से सेब व अन्य फसलें बर्बाद हो रही हैं। इसके विरोध में अकाली दल (अ), दल खालसा व अन्य सहयोगी पार्टियां 26 सितम्बर को जंतर-मंतर पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी। 

मान ने कहा कि मोदी देश की विदेश नीति को बर्बाद कर रहे हैं। कश्मीर के मामले में अंतर्राष्ट्रीय सहमति लेने के लिए मोदी ने चीन के साथ ट्रेडिंग समझौता किया, जिससे अपने देश के व्यापारी बर्बाद हो रहे हैं। रशिया को करोड़ों डॉलर की मदद देकर आए हैं और फ्रांस से कई राफेल खरीदने का लालच देकर आए हैं। वहीं अमरीका के साथ व्यापारिक समझौते कर आयात ड्यूटी में कटौती करने का लालच देकर उसे चुप करवा दिया है। 

इसके अलावा अमरीका में अपनी रैली के नाम पर ट्रंप का चुनावी प्रचार अपने खर्चे पर भारत सरकार कर रही है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था तो डगमगा रही ही है, साथ ही देश की विदेश नीति तहस-नहस हो रही है।
इस मौके पर गुरदयाल सिंह अटवाल, अमरीक सिंह बल्लोवाल, सुखजीत सिंह डरोली, गुरजंट सिंह, राजिंद्र सिंह फौजी, मनजीत सिंह रेरू, सुरजीत सिंह, पलविंद्र सिंह व भूपिंद्र सिंह आदि मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News