केंद्रीय जेल फरीदकोट में फिर आत्महत्या, 10 दिनों में तीसरी घटना से हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 02:25 PM (IST)
फरीदकोट (राजन): केंद्रीय जेल फरीदकोट में एक और कैदी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है, जिससे जेल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान फाजिल्का जिले के गांव काठगढ़ निवासी बलविंदर सिंह पुत्र तारा सिंह के रूप में हुई है। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी घटना होने के कारण मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जांच में जुटी पुलिस
सूत्रों के अनुसार, बलविंदर सिंह हत्या के एक पुराने मामले में सजा काट रहा था, जो थाना सदर जलालाबाद (फाजिल्का) में दर्ज था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात उसने अपनी बैरक के बाथरूम में लगे चैनल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलने पर जेल स्टाफ द्वारा उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और थाना सिटी फरीदकोट पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 25 अप्रैल को लुधियाना के हवालाती जुगनू बाबा और 3 मई को फिरोजपुर के कैदी स्वर्णजीत सिंह द्वारा भी इसी तरह आत्महत्या की गई थी।

