जालंधर पहुंची केंद्रीय टीम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में नुकसान का लिया जायजा
punjabkesari.in Wednesday, Aug 09, 2023 - 08:15 PM (IST)

जालंधर (चोपड़ा) : केंद्र सरकार की 7 सदस्यीय टीम ने आज जालंधर जिला में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा कर वहां हुए नुकसान का जायजा लिया। इस टीम में नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के वित्तीय सलाहकार रवीनेश कुमार, केंद्रीय कृषि और किसान भलाई विभाग के डायरेक्टर बी.के. श्रीवास्तवा, डा. ए.वी. सुरेश बाबू, अतिरिक्त सचिव (एस.ए.जी.वाई.) देहाती विकास विभाग कैलाश कुमार व अन्य शामिल थे। डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल ने टीम को बाढ़ के कारण हुए नुकसान और जिला प्रशासन द्वारा किए गए राहत कामों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
विशेष सारंगल ने बताया कि बाढ़ के कारण 25 गांवों में 22476 एकड़ क्षेत्रफल का नुक्सान हुआ है। 40 गाँवों में 13108 एकड़ में फसल क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने बताया कि 50 घर और 30 स्कूल बुरी तरह प्रभावित हुए है। इसके अलावा पी.एस.पी.सी.एल. को खंभों, प्लांट और अन्य बुनियादी ढांचे को हानि पहुंचने कारण करीब 139.60 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित इलाकों में बासमती 1509 और पी.आर. 126 की पनीरी मुफ्त मुहैया करवाई गई है, जिससे लगभग 6400 एकड़ क्षेत्रफल में धान की पुन: बिजाई हुई है। उन्होंने केंद्रीय टीम को बताया कि पानी खडा होने के कारण 5000 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में किसान दोबारा बिजाई नहीं कर सकेंगे।
इस उपरांत अंतर- मंत्रालय केंद्रीय टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों महराजवाला, कंग खुर्द, गट्टा मुंडी कासू, मंडाला छन्ना और अन्य गांवों का दौरा किया, जहां राज्यसभा मेंबर संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने केंद्रीय टीम को बाढ़ कारण हुए नुकसान के बारे में विस्तार के साथ जानकारी दी। इस मौके मुख्य तौर पर विधायक लाडी शेरोवालिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव नीलकंठ अवध, डिविजनल कमिश्नर गुरप्रीत कौर सपरा, एडिशनल डिप्टी कमिशनर ( रूरल डेवलपमेंट) वरिन्दरपाल सिंह बाजवा, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल) मेजर डा. अमित महाजन और एस.डी.एम भी मौजूद थे।