Chandigarh के 7 नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 10:50 AM (IST)
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने के पहले ही दिन उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के 7 प्रमुख स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और सभी स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार सबसे पहले सेक्टर-31 स्थित एयर फोर्स स्कूल को धमकी भरा ई-मेल मिला। इसके बाद सूचना मिली कि सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-37बी, सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-37डी, विवेक हाई स्कूल, सेक्टर-38, सेक्रेड हार्ट स्कूल, सेक्टर-26, स्ट्रॉबेरी फील्ड्स हाई स्कूल, सेक्टर-26, डीपीएस, सेक्टर-40 और कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर-9 को भी इसी तरह की धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं।
धमकी मिलने के बाद पुलिस टीमें सभी स्कूलों में पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें स्कूल भवनों, कक्षाओं, पार्किंग क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मामला ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी का है। साइबर सेल ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी इसी ई-मेल के माध्यम से धमकी दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

