तो क्या पूर्व CM चन्नी को घेरने की तैयारी कर रही है विजिलेंस ?

punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 01:27 PM (IST)

पंजाब डैस्क : इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पता चला है कि  उनके खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई की जा सकती है। जानकारी के अनुसार पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने चरणजीत चन्नी के खिलाफ करप्शन एक्ट के तहत जांच को लेकर पंजाब सरकार से मंजूरी मांगी है।

जानकारी के अनुसार गोवा में पंजाब से संबंधित प्रापर्टी मामले में चरणजीत चन्नी के खिलाफ जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दरअसल, जब चरणजीत चन्नी राज्य के मुख्यमंत्री थे तब सरकार की तरफ से गोवा में स्थित करीब 8 एकड़ जमीन को प्राइवेट होटल को मार्किट रेट के मुकाबले सस्ते रेट में दिया जाना था  लेकिन इस मामले में डील पूरी नहीं हो पाई थी। पंजाब के नए विजिलेंस चीफ डॉ. शरद सत्य चौहान द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इसी केस पर जांच की इजाजत मांगी गई है।

बता दें कि भगवंत मान ने पहले भी इस बारे में मुद्दा उठाया था और विजिलेंस को केस में जांच करने के लिए कहा था। इस केस में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पहले भी परमिशन मांगी थी लेकिन कुछ कारणों के चलते केस आगे नहीं बढ़ पाया था। अब एक बार फिर से विजिलेंस ब्यूरो ने पंजाब सरकार से इस केस को लेकर मंजूरी मांगी है। इस बारे में ब्यूरो को अगर पंजाब सरकार से इजाजत मिल जाती है तो भी कार्रवाई करने से पहले विजिलेंस को लोकसभा स्पीकर ओ.पी. बिरला से केस की जांच के लिए इजाजत लेनी होगी। क्योंकि चरणजीत चन्नी इस समय लोकसभा सदस्य भी हैं। अब देखना यह होगा कि केस चलाने की इजाजत मिलने के बाद क्या पूर्व CM चरणजीत चन्नी के खिलाफ जांच शुरू होगी।

वहीं इस मामले में चरणजीत चन्नी ने भी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बताए घाटा कहां हुआ है क्योंकि डील तो कैंसिल हो चुकी है। उन्होंने उल्टा मान सरकार पर आरोप लगाते कहा कि उन पर झूठा केस दर्ज करने की कोशिश की जा रही है। उनके खिलाफ पहले भी कई बार जांच हो चुकी है लेकिन सरकार को कुछ नहीं मिला। अब एक बार फिर उनके खिलाफ झूठा केस दर्ज करने की कोशिश की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News