झोटा हत्याकांड में बड़ा ऐलान! अब CM मान की कोठी का घेराव करेंगे प्रदर्शनकारी
punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 09:52 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला एक बार फिर गरमा गया है। झोटा हत्याकांड को लेकर संघर्ष कमेटी और विभिन्न संगठनों ने विरोध तेज करने व 5 नवंबर को संगरूर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारियों ने बड़े स्तर पर आंदोलन करने की तैयारी की है।
संघर्ष कमेटी के अनुसार, परविंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने और पंजाब में नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर उनका धरना लगातार जारी है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP इस्तीफा दें। इसके अलावा राज्य में नशे की सप्लाई और तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 2026 को मानसा में नशा तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब सरकार की सिफारिश पर CBI ने जांच अपने हाथों में ले ली है।
हालांकि, CBI जांच शुरू होने के बावजूद झोटा का परिवार और संघर्ष कमेटी संतुष्ट नहीं हैं। उनकी अन्य मांगों को लेकर धरना जारी है। अब 5 नवंबर को मुख्यमंत्री के आवास के घेराव के ऐलान के बाद पंजाब की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में इस आंदोलन को लेकर हलचल बढ़ने की संभावना है।

