एयरपोर्ट पर DRI-कस्टम का बड़ा एक्शन: फरवरी में करोड़ों की सिगरेट जब्त, मास्टरमाइंड पकड़ से दूर

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 02:54 PM (IST)

अमृतसर (नीरज): श्री गुरु रामदास इंटर नेशनल एयरपोर्ट पर विदेशी सिगरेट की आमद में भारी बढ़ौत्तरी हो रही है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डी.आर.आई. व कस्टम विभाग की तरफ से फरवरी महीने के दौरान अलग-अलग केसों में लगभग एक करोड़ रुपये की अलग-अलग ब्रांडस की विदेशी सिगरेट जब्त की जा चुकी है, लेकिन इसका मुख्य किंगपिन कौन है? इसके बारे में विभाग को पता नहीं है, क्योंकि अलग-अलग केसों में अलग-अलग लोग एयरपोर्ट पर पकड़े जा रहे हैं।

ऐसा भी नहीं है कि पकड़े जाने वाले लोग किसी एक व्यक्ति के लिए काम कर रहे हैं। गत दिवस भी विभाग की तरफ से 89.33 लाख रुपये के आईफोन्स पकड़े जा चुके हैं और इनके साथ विदेशी सिगरेट भी जब्त किए गए हैं। जानकारों की मानें तो विदेशी सिगरेटों की भारत में काफी डिमांड होने के कारण यह हाथो हाथ बिक जाते हैं और इसमें मुनाफा भी काफी रहता है जिसके चलते इसकी तस्करी लगातार जारी है।

PunjabKesari

फिल्मों से प्रभावित युवा विदेशी सिगरेटों के शौकीन

विदेशी सिगरेटों के शौकीन वैसे तो हर आयु वर्ग में है, लेकिन फिल्मों से प्रभावित युवा विदेशी सिगरेटों के ज्यादा शौकीन हैं। हालांकि शुरुआत में सिगरेट और इसके बाद अन्य बड़े नशों की कब आदत पड़ जाए, इसका पता भी नहीं चलता है। डाक्टरों के अनुसार शुरुआत में ही यदि माता-पिता अपने बच्चों को संभाल ले तो खतरनाक हालातों से बचा जा सकता है, क्योंकि हैरोइन, कोकीन व अन्य नशे आसानी से छूटते नहीं हैं।

आसानी से बेल मिलने के कारण खौफ कम

डी.आर.आई. या कस्टम विभाग जब भी विदेशों से आने वाले यात्रियों से विदेशी सिगरेट जब्त करता है तो सिगरेट जब्त करने के बाद लोगों को बेल पर छोड़ देता है और सामान जब्त कर लेता है। बड़ा केस न होने के कारण तस्करों में भी यह खौफ नहीं होता है कि जेल जाना पड़ेगा, जिसके चलते सिगरेटों की आमद लगातार जारी रहती है।

हाईड्रोलिक गांजा की आमद में भी बढ़ौत्तरी

विदेशी सिगरेटों के साथ साथ अमृतसर एयरपोर्ट पर हाईड्रोलिक गांजा की आमद में भी काफी बढ़ौत्तरी हुई है और डी.आर.आई. व कस्टम विभाग ने हाईड्रोलिक गांजा के काफी केस भी बनाए हैं। पिछले दो-तीन वर्षों से हाईड्रोलिक गांजा की आमद होनी शुरू हुई है, जबकि इससे पहले सोने की तस्करी के ज्यादा चर्चे रहते थे और कई बार तो एयरपोर्ट पर तैनात अधिकारी व कर्मचारी ही सोने की तस्करी में पकड़े जा चुके हैं।

कई बॉरो में चोरी छिपे चल रहे हुक्का बार

प्रतिबंध के बावजूद अभी भी कई बॉरों में युवाओं को हुक्का पिलाया जा रहा है। हाल ही में एन.सी.बी. की टीम की तरफ से एयरपोर्ट रोड पर स्थित कुछ बड़े क्लबों से हुक्के जब्त किए थे। यह प्रतिष्ठान रात के समय में आलीशान पार्टियां देने के लिए विख्यात थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News