निहंग जसदीप सिंह आपत्तिजनक फोटो विवाद में नया मोड़, बुड्ढा दल ने लिया बड़ा एक्शन
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 12:09 PM (IST)
अमृतसर : पंजाब में निहंग जसदीप सिंह से जुड़ा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। बुड्ढा दल के सामने जसदीप सिंह ने अपने ककार स्वयं उतारकर सौंप दिए हैं। इसके बाद बुड्ढा दल ने कहा है कि अब जसदीप सिंह न तो निहंग बाणा पहन सकेंगे और न ही दुमाला सजा सकेंगे। साथ ही अन्य निहंग जत्थेबंदियों से भी उन्हें दोबारा अमृतपान न कराने की अपील की गई है।
यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुई जसदीप सिंह की कथित आपत्तिजनक तस्वीरों से शुरू हुआ था। तस्वीरें सामने आने के बाद बुड्ढा दल ने जसदीप सिंह को पंथक गतिविधियों से दूर रहकर सेवा करने का आदेश दिया था। उन्हें निहंग बाणा और दुमाला धारण न करने के लिए भी कहा गया था।
सेवा पूरी होने से पहले छोड़ने का दावा
बुड्ढा दल के दोआबा जोन के जत्थेदार मान सिंह के मुताबिक, जसदीप सिंह को जो धार्मिक सेवा सौंपी गई थी, वह उसे बीच में ही छोड़कर चले गए। इसके बाद उनके खिलाफ दोबारा पंथक कार्रवाई की गई। बुड्ढा दल की ओर से यह भी कहा गया कि जसदीप सिंह को ककार उतारने का आदेश नहीं दिया गया था। इसके बावजूद उन्होंने खुद अपने ककार उतारकर वापस कर दिए। सामने आए वीडियो में जसदीप सिंह इस बात की पुष्टि करते हुए नजर आते हैं कि उन्होंने अपनी मर्जी से ककार उतारे हैं।
वीडियो में बुड्ढा दल ने किया स्पष्ट ऐलान
सामने आए वीडियो में बुड्ढा दल के प्रवक्ता जसदीप सिंह की ओर इशारा करते हुए कहते हैं कि अब वह निहंग बाणा नहीं पहन सकते। प्रवक्ता के अनुसार, पहले उन्हें केवल बाणा और दुमाला धारण करने से रोका गया था, जबकि ककार उतारने के लिए कोई आदेश नहीं दिया गया था। जसदीप सिंह ने वीडियो में कहा कि उन्होंने अपने ककार स्वयं उतारकर वापस कर दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आगे उनके साथ या किसी अन्य सिंह के साथ होने वाले किसी मामले की जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी।
विवाद में विक्की थॉमस भी रहे चर्चा में
जसदीप सिंह की कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने वाले निहंग विक्की थॉमस भी इस विवाद का हिस्सा रहे। बाद में विक्की थॉमस महाराष्ट्र से पंजाब पहुंचे और बुड्ढा दल के सामने पेश होकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। बुड्ढा दल ने उनकी माफी स्वीकार करने के बाद उन्हें धार्मिक सेवा सौंपी थी। इसमें सरबलोह के बर्तनों की सफाई, घोड़ों को पानी पिलाने और उनकी लीद उठाने की सेवा शामिल थी। अब जसदीप सिंह द्वारा ककार वापस किए जाने और बुड्ढा दल के नए ऐलान के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

