लड़की को ‘बुग्गा’ कहने पर मचा बवाल, भिड़ गए दो पक्ष, 5 युवक घायल
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 02:38 PM (IST)
खरड़ (गगनदीप): खरड़ के बस स्टैंड के पास गुरु तेग बहादुर नगर जाने वाली सड़क पर रास्ता लेने को लेकर हुई तकरार ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दो पक्षों के बीच हुई झड़प में 5 युवक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ये मामला कथित तौर पर एक लड़की को ‘बुग्गा’कहने के बाद बढ़ गया।
इसके बाद कुछ युवकों द्वारा प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर पथराव और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार बस स्टैंड के पास एक डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर रास्ता लेने को लेकर कुछ युवकों और एक लड़की के बीच तकरार हो गई। इस दौरान कथित तौर पर लड़की को ‘बुग्गा’ कहने के बाद मामला भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।
सूत्रों के अनुसार इसके बाद कुछ युवक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पहुंच गए, जहां पथराव और मारपीट करने के आरोप है। घटना में घायल हुए अमनदीप सिंह, शलिंदर सिंह, कमलप्रीत सिंह, रोहित और निजाम को इलाज के लिए सिविल अस्पताल खरड़ लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। खरड़ पुलिस स्टेशन इंचार्ज अमरिंदर सिंह ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है।
पुलिस घटना वाली जगह की CCTV फुटेज देख रही है और मामले से जुड़े लोगों के बयान भी ले रही है। जांच के बाद ही झगड़े की असली वजहें और दोनों पक्षों की भूमिका साफ हो पाएगी। झगड़े के बाद जब दोनों पक्षों के घायल इलाज के लिए सिविल अस्पताल खरड़ पहुंचे तो आरोप है कि अस्पताल के बाहर दोनों पक्षों के कुछ युवक फिर आमने-सामने हो गए। इस दौरान फिर से मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

