पंजाब के हजारों आढ़तियों को बड़ी राहत, CM भगवंत मान ने किया बड़ा ऐलान
punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 02:44 PM (IST)

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आढ़तियों को बड़ी राहत देते हुए ऐलान किया कि अब उनके लाइसेंस की अवधि 5 साल से बढ़ाकर 10 साल कर दी गई है। साथ ही नया लाइसेंस 48 घंटों के भीतर जारी किया जाएगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 40,000 आढ़तियों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस फीस में कोई बदलाव नहीं होगा। इसी दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जिन दुकानों से संबंधित बकाया और जुर्माने लंबे समय से अटके हुए हैं, उनके निपटारे के लिए सरकार एक वन-टाइम सेटलमेंट स्कीम लाएगी।
मुख्यमंत्री ने आढ़तियों को किसानों के "बिना तनख्वाह वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट" करार देते हुए कहा कि वे खरीद प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि कमीशन बढ़ाने का मुद्दा पहले ही केंद्र के सामने रखा जा चुका है और राज्य सरकार इसे और अधिक मजबूती से उठाएगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की भलाई के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और इस दिशा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।