पति इटली में...ससुराल से परेशान विवाहिता ने दी जान, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 03:23 PM (IST)
रोपड़: रोपड़ के नजदीकी गांव घनौली में एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय सुखप्रीत कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने घरेलू कलह से परेशान होकर उक्त कदम उठाया। आत्महत्या से पहले सुखप्रीत कौर ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने अपने ससुराल पक्ष के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।
इटली में रहता है पति
सुसाइड नोट में सुखप्रीत कौर ने लिखा कि वह अपनी जिंदगी से इतनी परेशान हो चुकी है कि उसके पास मौत को गले लगाने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। उसने लिखा कि उसका पति इटली में रहता है, जबकि ससुराल वाले उसे लगातार परेशान करते थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसी कारण वह आत्महत्या कर रही है।
मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज
सुसाइड नोट में सुखप्रीत कौर ने अपनी सास, जेठ, जेठानी, ननद और ननद के पति को इसके लिए जिम्मेदार बताया है। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुराल वाले लंबे समय से परेशान कर रहे थे, जिसके चलते उसने यह बड़ा कदम उठाया। थाना सदर के एसएचओ सन्नी खन्ना ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवती ने आत्महत्या कर ली है। जांच में पता चला कि मृतका मूल रूप से बलाचौर की रहने वाली थी और उसका विवाह घनौली में हुआ था। उसका पति इटली में रहता है। पुलिस ने मृतका की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। एसएचओ के अनुसार, इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धारा के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

