जालंधर सिविल अस्पताल की बदहाली पर कांग्रेस का हमला, पूछा-क्या यही है स्वास्थ्य क्रांति?

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 10:55 AM (IST)

जालंधर (चोपड़ा): नॉर्थ हलका के विधायक बावा हैनरी और जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान राजिंदर बेरी ने आज सिविल अस्पताल जालंधर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जच्चा-बच्चा वार्ड के बाथरूमों का निरीक्षण किया, जहां सफाई व्यवस्था की हालत बेहद खराब मिली। बाथरूमों में टूटियां टूटी हुई थीं, जगह-जगह कूड़ा बिखरा हुआ था और पीने के पानी का उचित प्रबंध नहीं था। अस्पताल में लगे वाटर कूलर भी चालू नहीं थे। वहीं, वार्डों में मरीजों के बिस्तरों पर बैडशीट भी नहीं मिलीं।

इस मौके पर विधायक हैनरी और बेरी ने आप सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यही सरकार की स्वास्थ्य क्रांति है? लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा और वे पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं। महिलाओं के लिए बनाए गए बाथरूमों में हाथ धोने के लिए टोंटियां तक गायब हैं तथा जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। अस्पताल में बने कूड़े के डंप की हालत भी चिंताजनक है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार की स्वास्थ्य क्रांति केवल सड़कों पर लगाए गए फ्लैक्स बोर्डों तक सीमित रह गई है। सिविल अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की हालत देखकर स्वास्थ्य सेवाओं के दावों पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मांग की कि अस्पताल की सफाई व्यवस्था के लिए आने वाले सरकारी फंड के इस्तेमाल की जांच होनी चाहिए।

उन्होंने डिप्टी कमिश्नर से मांग की कि सिविल अस्पताल में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाई जाए, बाथरूमों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और मरीजों व उनके परिजनों के लिए पीने के साफ पानी का उचित प्रबंध किया जाए। साथ ही अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों से भी लोगों को कम से कम बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की अपील की। इस मौके पर जतिंदर कुमार जोनी, रमित दत्ता व अन्य मौजूद थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News