Jalandhar में देर शाम हंगामा! युवक ने सिविल ड्रेस में आए पुलिसकर्मियों पर लगाए मारपीट के आरोप

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 09:52 PM (IST)

जालंधर : जालंधर के मकसूदा इलाके के रविदास नगर मोहल्ले में देर शाम युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने सिविल ड्रेस में आए कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना में युवक को चोटें आने की बात सामने आई है।

पीड़ित युवक के मुताबिक, देर रात वह अपने मामा के बेटे के साथ गली में खड़ा था। इसी दौरान कार सवार दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। युवक का आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे। इनमें से एक पुलिसकर्मी कार से उतरा और कथित तौर पर पार्क में बीयर की बोतल फेंकी। इसके बाद पुलिसकर्मी ने युवक के पास खड़ी बाइक की फोटो अपने मोबाइल से खींच ली।

युवक के अनुसार, इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी मोहल्ले में स्थित एक PG में चले गए। पीड़ित का दावा है कि इस PG में कई पुलिसकर्मी रहते हैं और आरोपी पुलिसकर्मी भी वहीं रहता है।

कुछ देर बाद युवक का मामा का बेटा वहां से चला गया और युवक भी अपने घर की ओर जाने लगा। इसी दौरान कथित तौर पर वही पुलिसकर्मी PG से बाहर आया और युवक को बाइक की फोटो दिखाते हुए पूछने लगा कि यह बाइक उसकी है या नहीं। युवक ने जवाब दिया कि बाइक उसके मामा के बेटे की है।

आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मी ने युवक को SHO से शिकायत करने की धमकी दी और उसके साथ कथित तौर पर बदतमीजी करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच बहसबाजी हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद पुलिसकर्मी ने PG के अंदर से अपने दो-तीन साथियों को आवाज लगाई। आरोप है कि PG से कुछ लोग 2-3 तेजधार हथियार, जिन्हें युवक ने गंडासे बताया, लेकर बाहर आए और इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की।

पीड़ित युवक का कहना है कि मारपीट में उसके शरीर पर कई चोटें आई हैं। घटना के बाद मामले को लेकर इलाके में चर्चा है। फिलहाल पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News