संगरूर में कांग्रेस का ''आप'' सरकार की प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ व्यापक अभियान

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 10:03 PM (IST)

संगरूर  (सिंगला): कांग्रेस पार्षद मनोज कुमार मनी कथूरिया, नत्थू लाल ढींगरा, हिमांशु गाबा हनी, दीपक गोयल, सुरिंदर सिंह भिंडर, बलवीर कौर सैणी, रवि चावला, ज्योति गाबा और खेम चंद शर्मा के अलावा ब्लॉक कांग्रेस संगूरर के अध्यक्ष रॉकी बंसल, नगर परिषद संगूरर के पूर्व अध्यक्ष परमिंदर बजाज, कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता हरपाल सोनू, नवीन बग्गा, शम्मी मागट, शक्ति जीत सिंह, पंजाब के प्रदेश सचिव नीतू धालीवाल, अमित ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने आज अग्रवाल धर्मशाला, संगूरर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोई हुई 'आप' सरकार को चुनौती देते हुए सीवरेज सफाई संबंधी पारित प्रस्ताव को लागू न करने पर प्रशासन को घेरा।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व सांसद और पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला की टीम के नेतृत्व में आज सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की जनविरोधी नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ एक व्यापक जिला स्तरीय अभियान की शुरुआत की गई।

"झाड़ू कहां है?" शीर्षक के तहत शुरू किए गए इस राजनीतिक अभियान के तहत पूरे संगरूर विधानसभा क्षेत्र में डिजिटल QR कोड वाले प्रभावशाली पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं, ताकि मौजूदा सरकार और स्थानीय विधायक की जन जवाबदेही तय की जा सके।

मीडिया से बातचीत करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष रॉकी बंसल और नगर परिषद पार्षदों ने राज्य सरकार पर सफाई कर्मचारियों के हितों के साथ खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "मौजूदा सरकार ने पहले सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को मानने का झूठा भरोसा देकर उनकी हड़ताल खत्म करवाई, लेकिन बाद में वादाखिलाफी करते हुए उनके साथ विश्वासघात किया। प्रशासनिक उदासीनता के कारण कर्मचारी दोबारा हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर हुए हैं, जिसका सीधा खामियाजा संगूरर और पूरे पंजाब की जनता भुगत रही है।"

पार्षदों ने शहर की बदतर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज संगूरर की किसी भी गली, मोहल्ले, कॉलोनी या बाजार को देख लिया जाए, पूरा शहर एक अव्यवस्थित और जहरीले कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुका है। कूड़े के ढेरों को खत्म करने के लिए खुलेआम आग लगाई जा रही है, जिससे निकलने वाला जहरीला धुआं लोगों के शरीर में जा रहा है और लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि लोगों को नरक जैसे माहौल में रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि जिस "बदलाव" के नाम पर जनता और सफाई कर्मचारियों ने उन्हें सत्ता सौंपी थी, क्या उस भरोसे का जवाब धोखा देकर दिया जा रहा है?

कांग्रेस नेताओं ने सरकार से पूछा, "यह बदलाव का झाड़ू, जो पिछले चार वर्षों से पूरी तरह जाम पड़ा हुआ है, आखिर कब चलेगा? सफाई कर्मचारियों की जायज मांगें कब पूरी होंगी और लोगों को साफ-सुथरी सड़कें कब नसीब होंगी?"

आगामी मानसून सीजन को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बारिश के पानी के साथ सड़कों पर फैला कूड़ा लोगों के घरों तक पहुंच जाएगा, जो किसी बड़ी और जानलेवा महामारी का कारण बन सकता है।

इस अवसर पर रॉकी बंसल, बलवीर कौर, नत्थू लाल ढींगरा, परमिंदर शर्मा, मनी कथूरिया, सुरिंदर भिंडर, परमिंदर बजाज, हिमांशु गाबा, ज्योति गाबा, हरपाल सोनू, नवीन बग्गा, नीतू धालीवाल और शक्ति जीत सिंह ने सत्तारूढ़ 'आप' सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यह अभियान सरकार के लिए एक "वेक-अप कॉल" साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आप' सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी कर केवल अपनी नाकामियों को छिपाने में लगी हुई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर की सीवरेज सफाई और लोगों को बदहाल स्थिति से राहत दिलाने के लिए कांग्रेस पार्षदों की ओर से सदन में बाकायदा प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन सरकार और प्रशासन ने उसे पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने कहा कि आज शहर की जो दयनीय स्थिति बनी हुई है, उसके लिए सीधे तौर पर यह सरकार जिम्मेदार है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अभियान के तहत जारी QR कोड और वेबसाइट Jhaadukithehai.com के माध्यम से जनता के सामने सरकार की कथित विफलताओं से जुड़े तथ्य और आंकड़े प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अभियान के पहले ही दिन जनता से मिले भारी समर्थन से यह स्पष्ट हो गया है कि पंजाब के लोग 'आप' के असफल और भ्रष्ट शासन से मुक्ति चाहते हैं।

कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि जन स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए संगूरर में तुरंत सफाई और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, पार्षदों द्वारा पारित प्रस्तावों को तत्काल लागू किया जाए और सफाई कर्मचारियों से किए गए वादों को बिना किसी देरी के पूरा किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News