Middle East War: विद्यार्थियों के मिड-डे मील पर गहराया संकट, पढ़ें...
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 11:13 AM (IST)
लुधियाना, (विक्की) : मिडिल ईस्ट देशों में बने युद्ध के हालातों के कारण देश में एलपीजी (रसोई गैस) की सप्लाई चैन पूरी तरह चरमरा गई है। हालांकि सरकार लगातार दावा कर रही है कि देश में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। गैस एजेंसियों से सिलेंडर न मिलने और सप्लाई में हो रही भारी देरी ने पंजाब के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील (पी.एम. पोषण स्कीम) के चूल्हे ठंडे करने शुरू कर दिए हैं। पंजाब स्टेट मिड-डे मील सोसाइटी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैकल्पिक प्रबंध करने के निर्देश जारी किए हैं।
सरकारी दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर
इस किल्लत के कारण स्कूल प्रमुखों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, स्कूल में विद्यार्थियों के लिए बिना गैस सिलेंडर के मिड-डे-मील का खाना तैयार करने एक चुनौती बन गया है। मिड-डे मील सोसाइटी ने एक पत्र के माध्यम से सभी जिला शिक्षा अधिकारीयों को निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी सूरत में खाना बंद नहीं होना चाहिए, जारी पत्र में साफ़ किया गया है कि अगल सिलंडर मिलने में परेशानी हो रही है तो इसके लिए स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं।
क्या कहते हैं अध्यापक :
"हमें कई दिन पहले सिलेंडर बुक कराना पड़ता है, फिर भी समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही है।
अगर यही हाल रहा तो हमें बच्चों के लिए खाना बनाने के लिए पुराने तरीकों पर निर्भर होना पड़ेगा, जो कि स्कूल परिसर में मुश्किल है।" — एक सरकारी स्कूल अध्यापक
"सरकार कहती है कि स्टॉक पूरा है, लेकिन जब हम एजेंसी जाते हैं तो वे पल्ला झाड़ लेते हैं। मिड-डे मील की जिम्मेदारी हमारे सिर पर है, और बिना गैस के खाना बनाना नामुमकिन है। विभाग ने वैकल्पिक प्रबंध करने को तो कह दिया है, लेकिन लकड़ी या कोयले का प्रबंध करना भी इतना आसान नहीं है।" — मिड-डे मील इंचार्ज
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

