पंजाब में शादियों के सीजन में पड़ गया पंगा! आर्डर नहीं ले रहे हलवाई, LGP गैस संकट कारण...

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 10:46 AM (IST)

लुधियाना  (खुराना) : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान सहित कई अन्य खाड़ी देशों पर किए जा रहे मिसाइल हमलों के कारण देश भर में पैदा हुई एल.पी.जी. गैस सिलैंडरों की भारी किल्लत के बड़े साइड इफैक्ट प्रत्येक कारोबार को प्रभावित कर रहे हैं। केंद्रीय पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा देश भर में कमर्शियल गैस सिलैंडरों की बिक्री पर लगाई गई रोक के कारण जहां पंजाब की इंडस्ट्री को बड़ी मार पड़ी है वहीं होटल, मैरिज पैलेस और ढाबों आदि का व्यापार भी मानो ठप सा होकर रह गया है।

 पंजाब केसरी द्वारा किए गए सर्वे के मुताबिक अधिकतर होटल-मैरिज पैलेस विशेष कर हलवाई अब विवाह शादियों व अन्य समारोह में कैटरिंग करने के नए ऑर्डर पकाने संबंधी ग्राहकों को साफ मना करने लगे हैं। इलाका सलेम टाबरी के चांदनी चौक नजदीक पड़ते जग्गू ढाबा और मनी चोपड़ा के प्रसिद्ध कैटरर्स जग्गू चोपड़ा ने बताया कि उनके द्वारा विवाह-शादियों के जो पहले से फंक्शन पड़े हुए हैं केवल उन्हें ही भुगताया जा रहा है, क्योंकि बाजार में कमर्शियल सिलैंडर नहीं मिलने या फिर 1850 रुपए वाला सिलैंडर ब्लैक में 3500 तक मिलने की सूरत में कैटरिंग करने पर आर्थिक नुकसान हो रहा है लेकिन उन्होंने जो पुराने ऑर्डर पड़े हुए उन्हें भुगताने के लिए डीजल की भट्टी का इस्तेमाल करने सहित अन्य कई तरह के जुगाड़ लगाए जा रहे हैं ताकि ग्राहक नाराज न हो लेकिन ढाबे पर आने वाले ग्राहकों के विवाह-शादियों सहित अन्य तरह के समारोह संबंधी कैटरिंग के नए ऑर्डर नहीं लिए जा रहे हैं।

gas cylinder

जग्गू चोपड़ा ने दावा किया है कि बाजार में आमतौर पर 5500 तक में मिलने वाली डीजल की भट्ठी भी मौजूदा समय दौरान 9000 रु. की बिक्री हो रही है जिसे खरीदना छोटे हलवाइयों के बस से बाहर की बात है और ऊपर से डीजल को ईंधन के रूप में इस्तेमाल करना घाटे का सौदा साबित हो रहा है।

वहीं दूसरी ओर लोग अब अपने रसोई घरों में घरेलू गैस सिलैंडर नहीं मिलने के कारण इंडक्शन चूलो का इस्तेमाल करने पर जोर देने लगे हैं। ऐसे में आमतौर पर 2500 तक में मिलने वाला बढ़िया इंडक्शन चूल्हा भी 4000 रु.का आंकड़ा पार कर चुका है। सीधे लफ्जों में कहा जाए तो अधिकतर दुकानदार मौके का फायदा उठाकर शहर वासियों की लूट-खसूट करने में लगे हुए हैं।

घुमार मंडी, मीना बाजार, बिजली मार्कीट, जवाहर नगर कैंप और अन्य बाजारों में खरीदारी कर रहे लोगों ने बताया कि एल.पी.जी. गैस की शॉर्टेज होने के कारण दुकानदारों द्वारा इंडक्शन चूल्हे के दाम फर्जी तौर पर कई गुना तक बढ़ा दिए गए हैं जो कि सीधे तौर पर एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट 1955 की उल्लंघना करने का गंभीर मामला है। उन्होंने कहा जिला प्रशासन को कालाबाजारी और मुनाफाखोरी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News