मोबाइल बंद होते ही बैंक खाते से निकले ₹1 लाख, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 03:59 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब ( तनेजा): श्री मुक्तसर साहिब जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ती जा रही है। हाल ही में घटित 1 ताजा घटना में, खेता राम स्ट्रीट की रहने वाली नीलम रानी नामक महिला के बैंक खाते से जालसाजों ने 1 लाख रुपए उड़ा लिए।

पीड़िता के अनुसार, 28 सितम्बर को मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया था। अगली सुबह जब उनके बेटे ने क्रैडिट कार्ड के बिल का भुगतान करने का प्रयास किया, तो उन्हें पता चला कि ए.यू. स्मॉल फाइनैंस बैंक के जरिए खाते से 50,000-50,000 रुपए की 2 किश्तों में कुल 1 लाख रुपए निकाले जा चुके हैं।

पीड़ित परिवार द्वारा ऑनलाइन साइबर क्राइम हैल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद, श्री मुक्तसर साहिब की साइबर क्राइम सैल ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले एक सप्ताह के दौरान साइबर धोखाधड़ी की यह चौथी और शहर की तीसरी घटना है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब केवल ओ.टी.पी. या कॉल पर झांसा देने के अलावा, अनजान नंबरों से भेजे गए फर्जी लिंक पर क्लिक करने से भी खाते साफ हो रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों से किसी भी संदिग्ध लिंक को न खोलने और अनजान नंबरों पर अपनी निजी जानकारी साझा न करने की सख्त अपील की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News