40 दिन बाद घर पहुंचा विदेश गए बेटे का शव, परिवार में मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Friday, Apr 12, 2024 - 03:03 PM (IST)

दीनानगर (हरजिंदर सिंह गोराया): दीनानगर विधान सभा हलके के अंतर्गत आते कस्बे पुराना शाला के नजदीक गांव गुरिया के रहने वाले एक युवक की पिछले दिनों पुर्तगाल में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई जिसका आज जद्दी गांव में शव पहुंचने पर मातम का माहौल छा गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मनप्रीत सिंह पुत्र स्व हरजीत सिंह करीब दो साल पहले रोजी रोटी और अपने परिवार के सुनहरे भविष्य के लिए पुर्तगाल गया था।

वहीं करीब 40 दिन पहले उसकी रहस्यमय परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई थी। आज करीब 40 दिन बाद मनप्रीत सिंह का शव गांव पहुंचा। युवक का शव गांव पहुंचते ही जहां परिजन विलाप करने लगे वहीं रोते-बिलखते हुए उनका बुरा हाल हो गया।  इस असामयिक और दुखद मौत से गांव में भी शोक छा गया। मृतक युवक के पिता हरजीत सिंह ने बताया कि मनप्रीत सिंह करीब दो साल पहले इटली में रह रहे अपने दूसरे भाई चरणजीत सिंह के पास गया था और वहां से करीब आठ महीने पहले पुर्तगाल चला गया था।

40 दिन पहले पुर्तगाल से उनके साथ रहने वाले एक युवक ने उन्हें फोन पर खबर दी कि उनके बेटे मनप्रीत की रहस्यमय हालात में मौत हो गई है। भरे मन से रोते हुए पीड़ित के पिता ने कहा कि मनप्रीत ने अपनी मौत से कुछ समय पहले इटली में रहने वाले अपने भाई चरणजीत सिंह को बताया था कि उसका वहां एक युवक से झगड़ा हुआ था लेकिन उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पीड़ित के पिता ने यह भी कहा कि उनका परिवार अपने बेटे का शव भारत लाने में असमर्थ था लेकिन आज एन.आर.आई. सभा के प्रयासों से मनप्रीत सिंह का शव गांव पहुंचा और उनके परिवार को अपने बेटे के अंतिम दर्शन नसीब हुए। मनप्रीत सिंह का अंतिम संस्कार गुरिया गांव में पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों की मौजूदगी में किया गया है। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने शोक संतप्त परिवार के साथ अपना दुख सांझा किया। इस दौरान हर एक की आंख नम हुई।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Recommended News

Related News