बेअदबी कानून में संशोधन की मांग तेज, श्री अकाल तख्त से पंजाब सरकार को संदेश
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 04:59 PM (IST)
जैतो (रघुनंदन पराशर): पंजाब सरकार द्वारा जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट 2026 के संबंध में सिख समुदाय द्वारा किए जा रहे एतराजों को लेकर आज सचखंड श्री दरबार साहिब में हैड ग्रंथी और समुह सिंह साहिबान, श्री अकाल तख्त साहिब के मुख्य ग्रंथी और एडिशनल मुख्य ग्रंथी ने विशेष मीटिंग कर इस पर गंभीर चर्चा की।
इसके बाद मीडिया को जारी एक प्रेस बयान के जरिए समुह सिंह साहिबान ने पंजाब के मुख्यमंत्री को सुझाव दिया कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने वाले हर आरोपी, पापी को सख्त से सख्त सजा देने का कानून बेशक कौम के हक में है पर इसके साथ ही सिख कौम की महान संस्थाओं और ग्रंथी सिंहों, गुरुद्वारा कमेटियों और संगत को बेअदबी के अपराध के अलावा मरयादा संबंधी मामलों में कानूनी दायरे में लाना एतराजयोग्य है। समुह सिंह साहिबान ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री को इस मसले पर विचार-मंथन का सुझाव देते हुए कहा कि सिख भावनाओं के अनुसार कानून में संशोधन करना कौम के भले में है, इस पर सरकार को जिद नहीं करनी चाहिए।
सचखंड श्री दरबार साहिब के समुह सिंह साहिबान और हैड ग्रंथी श्री अकाल तख्त साहिब ने पूरी कौम के ग्रंथी सिंहों द्वारा इस बात पर जोर दिया कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सेवादार, ग्रंथी सिंह कौम की रीड़ की हड्डी की तरह हैं जिन्हें किसी भी कानून से भयभीत नहीं करना चाहिए बल्कि ऐसा कानून होना चाहिए जिसे ग्रंथी सिंह बढ़ावा दें और उसके पालन के लिए लागू करें। इसलिए मुख्यमंत्री को तुरंत इस कानून से उन धाराओं को हटाने की पहल करनी चाहिए जो ग्रंथी वर्ग, सिख संस्थाओं, गुरुद्वारा कमेटियों और संगत के खिलाफ हैं।
सिंह साहिबान के इकट्ठ में सचखंड श्री दरबार साहिब के मुख्य ग्रंथी, सिंह साहिब ज्ञानी अमरजीत सिंह, सिंह साहिब ज्ञानी गुरमिंदर सिंह, सिंह साहिब ज्ञानी बलविंदर सिंह, सिंह साहिब ज्ञानी राजदीप सिंह, सिंह साहिब ज्ञानी बलजीत सिंह, सिंह साहिब ज्ञानी परविंदरपाल सिंह, सिंह साहिब ज्ञानी केवल सिंह, श्री अकाल तख्त साहिब के मुख्य ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी गुरमुख सिंह, अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी मलकीत सिंह मौजूद थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

