किस पार्टी में जाएंगे डेरा ब्यास प्रमुख! CM चेहरे को लेकर कर दिया बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 04:42 PM (IST)
अमृतसर: पंजाब की राजनीति में लंबे समय से डेरा ब्यास के पूर्व प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के राजनीतिक मैदान में उतरने को लेकर चल रही अटकलों पर अब स्थिति साफ हो गई है। राजनीतिक नेता मंदीप सिंह मन्ना ने बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से खास मुलाकात की, इस दौरान कई अहम खुलासे किए गए। मन्ना ने कहा कि पहले मैंने डेरा ब्यास के पूर्व प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मिलने की इजाजत मांगी थी। फिर दो दिन पहले मैं उनसे मिला। मैं डेरा का अनुयायी नहीं हूं, मेरी निष्ठा हमेशा गुरु घर के प्रति रही है, लेकिन अगर मुझे कहीं से कुछ अच्छा मिलता है, तो उसे अपनाने में कोई बुराई नहीं है। मन्ना ने कहा कि मुलाकात का कारण यह था कि बाबा गुरिंदर सिंह पिछले एक साल से विभिन्न राजनीतिक नेताओं से मिले थे। यह देखकर पंजाब के लोगों को कन्फ्यूजन हो गया कि बाबा गुरिंदर ढिल्लों कोई पॉलिटिकल पार्टी जॉइन करेंगे और 2027 में चीफ मिनिस्टर का चेहरा बनेंगे। हर पंजाबी की तरह मेरे मन में भी यह शक था, जिसे डेरा ब्यास के पूर्व प्रमुख ने दूर कर दिया है।
इसके जवाब में बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने बहुत आसान शब्दों में कहा, "क्या चीफ मिनिस्टर का पद डेरा ब्यास से बड़ा है?" उन्होंने साफ किया कि इतने बड़े पद (डेरा प्रमुख) से रिटायर होने के बाद उनका चीफ मिनिस्टर बनने का कोई इरादा नहीं है। इस डेरे में तो प्रधानमंत्री भी आते हैं। मन्ना ने कहा कि इसके बाद उन्होंने बाबा गुरिंदर ढिल्लों से पूछा कि पिछले कुछ सालों से बड़े-बड़े नेता आपके पास आकर फोटो खिंचवा रहे हैं। फिर वे फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं, इससे संगत में यह मैसेज जाता है कि आप उस नेता को सपोर्ट कर रहे हैं, इससे सीधे तौर पर उसे फायदा होता है। यह सुनकर बाबा गुरिंदर सिंह ने तुरंत अपने ऑफिस को ऑर्डर दिया कि एक लेटर जारी किया जाए कि कोई भी नेता यहां आकर फोटो नहीं खिंचवाएगा।
मन्ना ने कहा कि इसके बाद पंजाब में हो रहे धर्म परिवर्तन के बारे में सवाल पूछा गया। जिस पर बाबा गुरिंदर सिंह ने कहा कि धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर मैंने पहले जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह से बात की थी और कहा था कि गांवों में SC समुदाय के साथ जो हो रहा है, उसे रोका जाना चाहिए। इसके अलावा, बाबा गुरिंदर सिंह ने पंजाब के किसानों की भलाई के लिए वाघा बॉर्डर खोलने का भी समर्थन किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे पर नेताओं से बात करेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

