बस अड्डे की पर्ची के ठेके को लेकर गरमाया विवाद, प्रधान पर लगे आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 06:01 PM (IST)

तपा मंडी (गर्ग, शाम) : नगर कौंसिल तपा द्वारा बस अड्डे की पर्ची वसूली के ठेके को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कुछ व्यक्तियों ने नगर कौंसिल के प्रधान पर आरोप लगाया है कि बस अड्डे की पर्ची का ठेका उनके करीबी रिश्तेदार को दिया गया है। शिकायतकर्ताओं ने ठेके की आवंटन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे रद्द कर दोबारा पारदर्शी तरीके से बोली करवाने की मांग की है।

शिकायतकर्ता तारी सिंह, जगसीर सिंह सीरा, काला सिंह, भोला सिंह और बलदेव सिंह के अनुसार पुराने ठेके की अवधि 15 अक्तूबर को समाप्त होनी थी, लेकिन उस दिन हड़ताल होने के कारण बोली नहीं हो सकी। इसके बाद बोली के लिए 19 अक्तूबर की तारीख निर्धारित की गई। उनका कहना है कि वे इस संबंध में तीन-चार बार नगर कौंसिल कार्यालय गए, लेकिन उन्हें बोली के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ पार्षदों को भी बोली की जानकारी नहीं दी गई थी और उन्हें यह तक पता नहीं था कि 19 अक्तूबर को ठेके की बोली होनी है। उन्होंने बोली प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इसकी वीडियोग्राफी भी नहीं करवाई गई। उन्होंने मौजूदा ठेका रद्द कर दोबारा बोली करवाने की मांग की। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया कि वे 3 लाख 80 हजार रुपये तक की बोली देने के लिए तैयार हैं।

इस संबंध में नगर कौंसिल के प्रधान बलजीत सिंह बासी ने करीबी रिश्तेदार को ठेका देने और पक्षपात करने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्हें बोली के बारे में जानकारी देरी से, लगभग आधा घंटा पहले मिली थी। उनके अनुसार बोली में चार बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया और ठेका बिना किसी पक्षपात के दिया गया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News