गौशाला रोड पर बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 04:31 PM (IST)

तपा मंडी (गर्ग,शाम): स्थानीय गौशाला रोड पर स्थित बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में बीती रात करीब 2 बजे अचानक आग लगने से लाखों रुपए का सैनिटरी का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मित्तल इलैक्ट्रिक एंड बिल्डिंग मटेरियल के मालिक संदीप कुमार मिंटा पुत्र गोरा लाल निवासी तपा ने बताया कि रात करीब दो बजे किसी वाहन चालक का फोन आया कि उनकी दुकान के अंदर से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वह तुरंत दुकान पर पहुंचे तो देखा कि अंदर रखे सैनिटरी के सामान को भयानक आग लगी हुई थी। आग के कारण दुकान में रखी टोंटियां, वॉशबेसिन, कमोड, बाथरूम का सामान, पाइप और अन्य सामग्री बुरी तरह जल गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगर कौंसिल के प्रधान बलजीत सिंह बासी, व्यापार मंडल के प्रधान दीपक बांसल, समाजसेवी चन्ना सेखों, टिंकू मित्तल और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

इस दौरान फायर ब्रिगेड और तपा सिटी पुलिस को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी सुखदीप सिंह, राजदीप सिंह, चालक गुरजंट सिंह और नगर कौंसिल के तारी सिंह ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास किए। तपा सिटी पुलिस की ओर से सहायक थानेदार दविंदर सिंह और हवलदार गुरजीत सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। दुकान मालिक के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस घटना में उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सुबह जब मंडी के लोगों को इस घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने दुकान मालिक के प्रति हमदर्दी प्रकट की।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News