Punjab : खीर का लंगर खत्म होने पर विवाद, बीच-बचाव करने आए यूनियन प्रधान पर तलवार से वार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 11:25 AM (IST)

फाजिल्का (सुनील नागपाल) : फाजिल्का के अरनीवाला में भगवान वाल्मीकि जी की जयंती के उपलक्ष्य में लगाए गए खीर के लंगर के दौरान विवाद होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खीर का लंगर समाप्त होने के बाद बाइक सवार कुछ लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने पर सफाई सेवक यूनियन के प्रधान शेर सिंह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 Langar Dispute

अस्पताल में उपचाराधीन शेर सिंह ने बताया कि भगवान वाल्मीकि जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में अरनीवाला में उनकी ओर से खीर का लंगर लगाया गया था। सुबह से दोपहर तक श्रद्धालुओं को लंगर वितरित किया गया। इसी दौरान बाइक पर दो-तीन लोग पहुंचे और उनके भतीजे से खीर मांगी, लेकिन तब तक लंगर समाप्त हो चुका था। शेर सिंह के आरोपों के मुताबिक, खीर नहीं मिलने पर उक्त लोग कथित तौर पर नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया। 

आरोप है कि बाद में रास्ते में उनके भतीजे को रोककर उसके साथ मारपीट की गई। जब शेर सिंह ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अपने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया और तलवार से वार कर उन्हें घायल कर दिया। घायल शेर सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग नशा बेचने और उसका सेवन करने में शामिल हैं। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस संबंध में यूनियन स्तर पर भी बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर प्रतीक ने बताया कि शेर सिंह नामक घायल युवक को अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे भर्ती कर लिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। डॉक्टर के अनुसार, घायल ने उन्हें बताया कि लंगर के दौरान विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई। थाना अरनीवाला के एसएचओ परमजीत सिंह दरोगा ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News