जिला बार एसोसिएशन चुनाव की तैयारियां पूर्ण, कल होगा 31 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 06:30 PM (IST)

लुधियाना (मेहरा): जिला बार एसोसिएशन (डीबीए), लुधियाना के 2026-27 के वार्षिक चुनाव को लेकर जिला कचहरी परिसर में चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। 11 सितंबर को होने वाले चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतदान करने वाले 3,250 अधिवक्ताओं का इंतजार अब खत्म होने वाला है। डीबीए के विभिन्न पदों के लिए मैदान में उतरे 31 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला शुक्रवार को मतदान के जरिए होगा। इस बार मतदाताओं की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले 229 अधिक है। पिछले वर्ष 3,021 अधिवक्ता मतदाता सूची में शामिल थे। 3,250 मतदाताओं के साथ इस बार चुनाव में मजबूत मतदान होने की संभावना जताई जा रही है।

अध्यक्ष पद के लिए 4 उम्मीदवार मैदान में

डीबीए के प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद के लिए जसविंदर सिंह सिब्बल, विकास गुप्ता, विपिन सग्गड़ और राजेश खन्ना चुनाव मैदान में हैं। चारों उम्मीदवारों ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंकते हुए अधिवक्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क बढ़ा दिया है। उपाध्यक्ष (जनरल) पद के लिए अनिल सग्गड़ और गुरबख्शिश सिंह बेदी आमने-सामने हैं, जबकि महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित उपाध्यक्ष पद पर हरसिमरत कौर, कविता और विजय शर्मा के बीच मुकाबला है।

सचिव पद के लिए मनिंदर हीर और जगजीत सिंह के बीच मुकाबला है। महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित संयुक्त सचिव पद पर अनीता, चरनजीत कौर सेखों, डेजी सिंगला, मनप्रीत कौर और सुष्मिता सहित पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। वित्त सचिव पद के लिए दिनेश कुमार शर्मा, हिमाकर, कोनार्क शर्मा और परमिंदर सिंह (कुक्की) चुनाव लड़ रहे हैं।

कार्यकारिणी पदों पर भी मुकाबला

कार्यकारिणी सदस्य (जनरल) के पदों के लिए अमरदीप सिंह सेखों, अंकुश दुबे, अंकित रात्रा, अतुल कश्यप, बिरजोत सिंह और समीर जोशी मैदान में हैं। महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित 4 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए हरजीत कौर, मधु गुप्ता, सतिंदर कौर, तरनम और हरसीन कौर के बीच मुकाबला है।

सोशल मीडिया पर भी प्रचार का जोर

चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया को भी प्रचार का प्रमुख माध्यम बनाया है। व्हाट्सऐप ग्रुपों तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उम्मीदवारों द्वारा अपनी अपील, एजेंडा और संदेश लगातार साझा किए जा रहे हैं। इसके साथ ही उम्मीदवार चैंबर-दर-चैंबर जाकर अधिवक्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। छोटे समूहों में बैठकें कर अपने पक्ष में माहौल बनाने और समर्थन जुटाने का सिलसिला भी लगातार जारी है।

वोटों की लॉबिंग हुई तेज

मतदान का दिन नजदीक आते ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने वोटों की लॉबिंग तेज कर दी है। प्रत्याशी व्यक्तिगत रूप से अधिवक्ताओं से संपर्क कर मतदान के दिन अपने पक्ष में वोट डालने की अपील कर रहे हैं। अंतिम समय में प्रत्येक वोट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा की मांग

चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए पुलिस कमिश्नर से सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है। मतदान के दौरान जिला कचहरी परिसर में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाएंगे। मतदान केंद्र के बाहर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस द्वारा मतदान केंद्र के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सीसीटीवी कैमरों से मतदान प्रक्रिया पर रहेगी नजर

मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान केंद्र तथा आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

11 सितंबर तक रहेगा ‘नो वर्क डे’

डीबीए चुनाव के चलते जिला अदालत परिसर में 11 सितंबर तक ‘नो वर्क डे’ रहेगा। इस संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर वरिंदर खरा द्वारा घोषणा की गई है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने और अधिवक्ताओं को चुनावी गतिविधियों के लिए पर्याप्त समय देने के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। नो वर्क डे के चलते अदालतों में अधिवक्ताओं की नियमित पेशी और न्यायिक कार्य प्रभावित रहेंगे। अधिवक्ता चुनाव प्रचार, बैठकों और मतदान की तैयारियों में व्यस्त हैं।

पोस्टर-बैनरों से चुनावी रंग में रंगा कचहरी परिसर

चुनावी माहौल का असर जिला कचहरी परिसर में भी साफ दिखाई दे रहा है। परिसर के प्रमुख स्थानों पर उम्मीदवारों के होर्डिंग, पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। चैंबरों और बार रूम में चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। अब सभी की निगाहें 11 सितंबर के मतदान पर टिकी हैं। 3,250 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 31 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के बाद देर रात्रि तक आने वाले परिणाम यह तय करेंगे कि डीबीए लुधियाना के 2026-27 कार्यकाल की कमान किसके हाथों में होगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News