दिवाली और बंदी छोड़ दिवस पर सचखंड श्री दरबार साहिब में हुई अलौकिक दीपमाला और आतिशबाजी, देखें तस्वीरें
punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 09:09 AM (IST)
अमृतसर: दिवाली और बंदी छोड़ दिवस के पावन अवसर पर सचखंड श्री दरबार साहिब में भव्य दीपमाला और आतिशबाजी की गई। इस दौरान पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा और अलौकिक नजारा देखने को मिला। इस पवित्र अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर सरबत के भले की अरदास की।

इस दौरान इंग्लैंड से आए एक श्रद्धालु ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि वह 7 साल बाद श्री दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की अपार कृपा है कि उन्हें इस पावन दिवस पर दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अरदास की कि गुरु साहिब के चरणों में ऐसे पवित्र अवसर पर बार-बार हाजिरी लगाने का अवसर मिलता रहे।

श्रद्धालु ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि श्री दरबार साहिब में होने वाली आतिशबाजी और दीपमाला का नजारा बेहद अद्भुत होता है। यहां आकर मन को असीम शांति और आत्मिक आनंद मिलता है। यह स्थान सिख मर्यादा और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। विदेश से आए श्रद्धालुओं ने संगत से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में सचखंड श्री दरबार साहिब पहुंचकर गुरु घर के दर्शन करें और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करें।

