लुधियाना में डबर म''र्डर : गुस्साए युवक ने मामूली बात पर मचाया कोहराम, 3 गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 12:02 PM (IST)
लुधियाना (गौतम): गाड़ी में ऊंची आवाज में गाने लगाने से रोकना युवक को इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी, जहां तक उसका बचाव करने के लिए आगे आई बुजुर्ग महिला की भी मौत हो गई। युवक ने तेज रफ्तार से अपनी बोलैरो भगाकर दोनों को कुचला जिस कारण वह दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों समेत मौके से फरार हो गया । थाना साहनेवाल की पुलिस ने 3 आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान भूपिंदर सहोता (25) व बुर्जुर्ग महिला की पहचान बलविंदर कौर के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रोहित के बयान पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने काबू किए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ यश, लखविंदर सिंह उर्फ विशाल व हरिंदर सिंह उर्फ गोल्डी व फरार आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह, हरिंदर सिंह तथा उनके अज्ञात साथियों के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों की बोलैेरो भी जब्त कर ली। इंस्पैक्टर वरिंदरपाल ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और आरेपियों से उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है ।
पुलिस को दिए बयान में रोहित ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ होली मना रहे थे और उनके घर के सामने रहने वाला विशाल भी अपने दोस्तों के साथ होली खेलकर आया था। विशाल अपनी गाड़ी में बैठकर ऊंची आवाज में गाने बजा रहा था जिसको पहले भी कई बार मना किया गया था। इसी बात के चलते उसका भाई भूपिंदर सहोता उसको रोकने के लिए गया तो वह गुस्से में आ गया और उसके भाई से मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया। विशाल ने फोन कर अपने अन्य दोस्तों को भी बुला लिया जिन्होंने आते ही उसके भाई को सबक सिखाने की बात कही। जब उसका भाई वापस आने लगा तो आरोपी विशाल ने तेज रफ्तार से अपनी बोलैरो पिकअप उसके भाई को जान से मारने की नीयत से उस पर चढ़ा दी जिस कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला उसके भाई को बचाने के लिए आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी गाड़ी चढ़ा दी और आखिर गाड़ी दीवार से जाकर टकरा गई । जब मोहल्ले के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

